भागलपुर विक्रमशिला सेतु बंद होने पर जहाज का किराया तय, यात्री व साइकिल फ्री, बाइक ₹50 व कार का 700, रेट लिस्ट जान लें
Vikramshila Setu Alternate Ferry Fare List विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद गंगा नदी पर वैकल्पिक जल परिवहन सेवा शुरू ...और पढ़ें
-1790832769102_m.webp)
भागलपुर में नवगछिया की ओर निरक्षण करते डीएम एवं एसएसपी।
HighLights
विक्रमशिला सेतु बंद, वैकल्पिक जल परिवहन का किराया तय।
पैदल यात्री, साइकिल सवार निःशुल्क; बाइक ₹50, कार ₹700।
घाटों पर सुरक्षा, मेडिकल कैंप, जीविका रसोई की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Setu Alternate Ferry Fare List : विक्रमशिला सेतु पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद होने के बाद गंगा के दोनों छोर को जोड़ने के लिए शुरू की गई वैकल्पिक जल परिवहन (फेरी) सेवा का आधिकारिक किराया ढांचा जिला प्रशासन ने तय कर दिया है।
राहत की बात यह है कि आम पैदल यात्रियों और सामान्य साइकिल सवारों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा; उनका सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा।वहीं, मोटरसाइकिल, कार, व्यावसायिक वाहनों, सामान और मवेशियों के लिए स्पष्ट दरें निर्धारित कर दी गई हैं, ताकि ऑपरेटर यात्रियों से मनमाना किराया न वसूल सकें।
प्रशासन द्वारा जारी रेट चार्ट के अनुसार, मोटरसाइकिल (बाइक) से गंगा पार करने पर प्रति वाहन 50 रुपये देय होंगे। यदि कोई व्यक्ति साइकिल पर भारी सामान लादकर ले जा रहा है, तो उससे 50 रुपये लिए जाएंगे। 100 किलोग्राम तक के घरेलू या व्यावसायिक सामान और प्रति मवेशी के लिए 30-30 रुपये का शुल्क तय किया गया है।
तिपहिया वाहनों (ऑटो/टेंपो) के लिए 150 रुपये, चार पहिया वाहनों (कार आदि) के लिए 700 रुपये का किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा खाली ट्रैक्टर के लिए 250 रुपये तथा लोड ट्रैक्टर के लिए 500 रुपये की दर तय की गई है।
किसे कितना देना होगा शुल्क?
पैदल यात्री: निशुल्क (Free)
साइकिल (बिना सामान): निशुल्क (Free)
मोटरसाइकिल / बाइक: ₹50
सामान लदी साइकिल: ₹50
सामान (100 किलोग्राम तक): ₹30
मवेशी (प्रति पशु): ₹30
तीन पहिया वाहन (ऑटो/टेंपो): ₹150
चार पहिया वाहन (कार/जीप): ₹700
ट्रैक्टर (खाली): ₹250
ट्रैक्टर (सामान से लोड): ₹500
(नोट: जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर: 0641-2402871)
डीएम अलंकृता पांडेय ने जाह्नवी और बियाडा घाट का लिया जायजा
किराया निर्धारण के साथ ही व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और नवगछिया एसपी, नवगछिया एसडीएम व एसडीपीओ सहित वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को विभिन्न गंगा घाटों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बियाडा घाट, बरारी घाट, सबौर के बाबूपुर घाट और नवगछिया छोर पर स्थित जहान्वी चौक घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण की रूपरेखा देखी।
डीएम ने दो टूक निर्देश दिया कि फेरी सेवा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत सर्वोपरि होनी चाहिए। घाटों पर कतारबद्ध तरीके से वाहनों व मुसाफिरों को जहाजों पर चढ़ाया और उतारा जाए।
जलस्तर बढ़ने से बाबूपुर घाट पर कार्गो सेवा 3 दिनों के लिए स्थगित
गंगा नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने सबौर स्थित बाबूपुर घाट से होने वाले भारी कार्गो मूवमेंट (माल ढुलाई) को फिलहाल आगामी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। तीन दिनों बाद जलस्तर और तकनीकी परिस्थितियों का दोबारा मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके बाद ही यहां से मालवाहक जहाजों के परिचालन की हरी झंडी मिलेगी। वहीं, बरारी और जहान्वी चौक घाट पर यात्रियों के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
-1790832812802.webp)
घाटों पर जीविका रसोई, मेडिकल कैंप और कंट्रोल रूम एक्टिव
मुसाफिरों की लंबी कतारों और धूप को देखते हुए घाटों पर व्यापक नागरिक सुविधाएं बहाल की गई हैं। सभी प्रमुख घाटों पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। यात्रियों के खान-पान के लिए 'जीविका दीदी की रसोई' संचालित हो रही है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पर्याप्त पुलिस बल और नदी में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित आपदा मित्रों को तैनात किया गया है।
किसी भी प्रकार की समस्या, अवैध वसूली की शिकायत या आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का नंबर 0641-2402871 चौबीसों घंटे क्रियाशील रहेगा। डीएम ने अपील की है कि यात्री प्रशासन द्वारा तय दरों के अनुसार ही भुगतान करें और गंगा पार करते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
