भागलपुर पंचायत चुनाव 2021: तीसरे चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, सन्हौला में कल से नामांकन
भागलपुर पंचायत चुनाव 2021 भागलपुर के सन्हौला प्रखंड में कल से शुरू होगा नामांकन 22 तक चलेगा। जगदीशपुर प्रखंड में आज तक होगी नामांकन पत्रों की जांच। तीसरे चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Panchayat Election 2021: तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी होगी। गुरुवार से नामांकन पत्र भरने का काम शुरू हो जाएगा। तीसरे चरण में जिले के सन्हौला प्रखंड में चुनाव होगा। नामांकन पत्र 16 सितंबर से 22 सितंबर तक भरा जाएगा। 25 सितंबर तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी 27 सितंबर तक नामांकन वापस ले सकते हैं। जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इसी दिन प्रत्याशियों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किया जाएगा। सन्हौला प्रखंड में आठ अक्टूबर को मतदान होगा। मतगणना दस व 11 अक्टूबर को होगी। सन्हौला प्रखंड में एक लाख 27 हजार 778 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 66553 व महिला 41223 व अन्य अन्य मतदाता दो हैं। यहां जिला परिषद सदस्य के दो, पंचायत समिति सदस्य के 24, मुखिया के 18, वार्ड सदस्य के 234, सरपंच के 18 व पंच के 234 पद हैं। यहां 530 पदों के लिए चुनाव होगा।
इधर, जगदीशपुर प्रखंड में 29 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी गुरुवार को होगी। प्रत्यााशियों को 18 सितंबर को प्रतीक चिन्ह का आवंटन होगा। नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी 18 सितंबर तक नाम वापस ले सकते हैं। जगदीशपुर प्रखंड में हुए चुनाव की मतगणना एक व दो अक्टूबर को होगी।
जगदीशपुर में जिला परिषद सदस्य के लिए दो पद दक्षिणी व उत्तरी है। 18 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। दक्षिणी से दस व उत्तरी से आठ प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस प्रखंड में पंचायत समिति सदस्य के 18, मुखिया के 14, वार्ड सदस्य के 179, सरपंच के 14 व पंच के 179 पद है। यहां एक लाख 17 हजार 22 मतदाता 208 मतदान केंद्रों पर मतदान करेंगे। पुरुष मतदाता 61908 व महिला मतदाता 55108 है। अन्य मतदाता छह हैं।