भागलपुर में गंगा नदी के बीच टकराए दो बड़े जहाज, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Collision: नवगछिया के जहान्वी चौक घाट से भागलपुर के बीच गंगा नदी में दो यात्री जहाज ...और पढ़ें

Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Collision Major Accident Averted : भागलपुर के बियाडा घाट पर जहाज।
HighLights
गंगा नदी में दो यात्री जहाजों की जोरदार टक्कर हुई।
भागलपुर-नवगछिया के बीच बड़ा हादसा टला, यात्री सुरक्षित।
जल परिवहन सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
संवाद सूत्र, नवगछिया (भागलपुर)। Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Collision: नवगछिया के जहान्वी चौक घाट से भागलपुर के बीच गंगा नदी पार कर रहे यात्रियों के साथ बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बीच गंगा में यात्रियों से भरे दो बड़े जहाज अचानक आपस में टकरा गए। बीच धार में हुई इस जोरदार भिड़ंत से दोनों जहाजों पर सवार दर्जनों यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए नदी के बीच भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि किसी भी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने या नदी में गिरने की सूचना नहीं है। सभी लोग बाल-बाल बच गए।
तेज झटके से सहम गए यात्री, बीच नदी में मचा कोहराम
मिली जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह दर्जनों यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दोनों तरफ से जहाजों पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे। एक जहाज जहान्वी चौक से भागलपुर की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा विपरीत दिशा से आ रहा था। दोपहर के समय जैसे ही दोनों जहाज नदी के मध्य हिस्से में पहुंचे, अचानक एक-दूसरे से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जहाजों में तेज झटका महसूस हुआ। अप्रत्याशित झटके के कारण जहाजों पर खड़े और बैठे यात्री असंतुलित हो गए और अपनी जान की सुरक्षा को लेकर सहम उठे।
नदी की तेज धार में बिगड़ा जहाजों का संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नाविकों के अनुसार, गंगा नदी की तेज धारा के कारण जहाजों का अचानक संतुलन बिगड़ गया। बहाव तेज होने की वजह से चालकों का नियंत्रण कमजोर पड़ा और दोनों जहाज एक-दूसरे के संपर्क में आ गए। हादसे में जहाजों को किसी बड़े संरचनात्मक नुकसान की खबर नहीं है, जिससे पानी भरने जैसी गंभीर नौबत नहीं आई और एक भीषण त्रासदी होने से बच गई।
जल परिवहन के सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल
नदी के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर भागलपुर और नवगछिया के बीच संचालित होने वाले जल परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों किनारों के बीच रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, कामकाजी लोग और आम नागरिक जहाजों से आवागमन करते हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाजों में पर्याप्त लाइफ जैकेट, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण, कुशल नाविकों की तैनाती और नदी में परिचालन के तय मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना बेहद जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।