गंगा में जलयान परिचालन की तैयारी पूरी; नवगछिया की ओर कटाव से अटका बाइक का सफर, एसडीएम बोले- जल्द मिलेगी हरी झंडी
Bhagalpur Navgachia Ferry Service: गंगा में जलस्तर घटने के बाद भागलपुर-नवगछिया के बीच जलमार्ग से आवागमन की तैयारी पूरी हो ...और पढ़ें

Bhagalpur Navgachia Ferry Service: भागलपुर से नवगछिया जलयान सेवा को लेकर बड़ा अपडेट
HighLights
गंगा का जलस्तर घटने से जलमार्ग बहाली की तैयारी।
नवगछिया छोर पर कटाव, बाइक सेवा में देरी।
बाबूपुर घाट से बड़े कार्गो परिचालन में चुनौती जारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Navgachia Ferry Service: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज होने और पानी के चेतावनी बिंदु (वार्निंग लेवल) से नीचे उतरने के बाद भागलपुर से नवगछिया के बीच जलमार्ग से नियमित आवागमन बहाल करने की प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है।
चिह्नित घाटों पर जलयानों को तैनात कर दिया गया है, प्लेटफॉर्म बनाने के साथ रैंप लगा दिए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट), पुलिस बल व स्वास्थ्य दलों की तैनाती कर दी गई है। हालांकि, बाइक के साथ जलयान से गंगा पार करने वाले दैनिक यात्रियों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।
गंगा की तेज जलधारा और नवगछिया छोर पर नदी किनारे हो रहे कटाव के मद्देनजर प्रशासन सुरक्षा के हर पहलू को बारीकी से परख रहा है। सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने और नवगछिया तट पर जलयान के सुरक्षित ठहराव की परिस्थितियां बनते ही बाइक सहित यात्रियों को नदी पार करने की अंतिम स्वीकृति दे दी जाएगी।
जियाउद्दीनपुर चौका घाट पर रैंप तैयार, बुलडोजर भी तैनात
जिला प्रशासन ने बियाडा घाट के अलावा सबौर प्रखंड क्षेत्र में बाबूपुर घाट और डीपीएस स्कूल के पश्चिम जियाउद्दीनपुर चौका गांव के सामने स्थित गंगा घाट को प्रमुखता से चिह्नित किया है। जियाउद्दीनपुर चौका घाट पर बाइक और यात्रियों को जलयान पर चढ़ाने तथा उतारने के लिए आधुनिक रैंप लगाया जा चुका है।
आपात स्थिति और तट को तुरंत समतल करने के उद्देश्य से मौके पर बुलडोजर भी खड़ा रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ते ही घाट के एप्रोच को दुरुस्त किया जा सके। जलयान संचालकों ने अपनी तमाम तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि केवल भागलपुर छोर पर तैयारी होना पर्याप्त नहीं है; जब तक नवगछिया की ओर सुरक्षित प्लेटफॉर्म तैयार नहीं हो जाता, तब तक जोखिम नहीं लिया जा सकता।
बाबूपुर से बड़े कार्गो परिचालन में लगेगा वक्त, तेज धार बनी चुनौती
मालवाहक ट्रकों, चारपहिया वाहनों और व्यावसायिक सामग्री की ढुलाई के लिए सबौर के बाबूपुर घाट को बड़े कार्गो परिचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। इस सेवा के शुरू होने से विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा।
हालांकि, नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद मुख्य धारा का वेग काफी अधिक है, जो भारी मालवाहक जलयानों के सुरक्षित आवागमन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। बाबूपुर घाट पर वाहनों की सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग और पहुंच पथ की मजबूती का कार्य चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, परिस्थितियों की समीक्षा के बाद ही बड़े जहाजों के परिचालन की अंतिम तिथि तय की जाएगी। फिलहाल बियाडा घाट से पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारू है।
