विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर-नवगछिया गंगा जलमार्ग पर यात्रियों की आफत, टेंडर खत्म होने से जहाज बंद, बीच रास्ते फंसा एक और जहाज

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:27 AM (IST)

Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Service : भागलपुर-नवगछिया गंगा जलमार्ग पर जहाजों की कमी और एक बड़े मालवाहक जहाज का परिचालन बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टेंडर खत्म होने और एक जहाज के बीच रास्ते में फंसने से भीड़भाड़ और यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच गंभीर मरीजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Service : बियाडा और नवगछिया के बीच गंगा में जहाज सेवा ठप होने से यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें

Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Service : बियाडा और नवगछिया के बीच गंगा में जहाज सेवा ठप होने से यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें

HighLights

  1. मालवाहक जहाज का परिचालन टेंडर खत्म होने से रुका।

  2. एक जहाज बीच रास्ते में फंसा, यात्रियों में हड़कंप मचा।

  3. शादी सीजन और छुट्टी से घाटों पर भारी भीड़, विवाद भी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Naugachia Ganga Ship Service :  बियाडा और नवगछिया के बीच गंगा में जलमार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। पहले से ही सीमित संख्या में जहाजों का परिचालन होने के कारण यात्रियों को भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा था, और अब एक बड़े मालवाहक जहाज का परिचालन भी पूरी तरह बंद हो गया है।

जीरिया एजेंसी के इस जहाज का संचालन टेंडर की छह माह की अवधि पूरी होने के बाद रोक दिया गया है। इसी बीच, शनिवार को नवगछिया से भागलपुर आ रहा एक जहाज बीच रास्ते में ही फंस गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस जहाज पर सवार अधिकांश यात्री सरकारी शिक्षक थे, जो हाफ डे के बाद अपने घर लौट रहे थे और घंटों फंसे रहे।

रविवार की छुट्टी और शादी के सीजन से घाट पर उमड़ी भारी भीड़

बियाडा घाट पर शनिवार को जहाजों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। रविवार की छुट्टी और शादी-विवाह का सीजन होने के कारण गंगा पार आने-जाने वालों की संख्या में अचानक काफी वृद्धि हुई है। खासकर नवगछिया की ओर से भागलपुर आने वाले यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है, क्योंकि शादी समारोहों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग भागलपुर पहुंच रहे हैं। इससे जहाजों पर यात्रियों के साथ-साथ मोटरसाइकिलों की संख्या भी क्षमता से अधिक हो गई है।

बाइकों की कतार

स्थानीय यात्री रमेश और मोहित ने बताया कि लगन शुरू होने के कारण नवगछिया से भागलपुर आने वाले लोगों की तादाद बहुत बढ़ गई है। रविवार की छुट्टी होने के कारण भी लोग सपरिवार गंगा पार आ-जा रहे हैं, जिससे घाटों और जहाजों पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक भीड़ देखने को मिल रही है।

बाइक चढ़ाने की आपाधापी में घाट पर बवाल

शनिवार को जहाज पर जल्द से जल्द सवार होने की आपाधापी के बीच बियाडा घाट पर तैनात एक कर्मी और बाइक सवार युवक के बीच हिंसक झड़प की नौबत आ गई। बताया गया कि बियाडा घाट से नवगछिया जा रहे संतोष नामक युवक ने अपनी बाइक का टिकट नहीं लिया था।

मारपीट की आई नौबत

घाट पर उसने कर्मी से आग्रह किया कि वह सीधे टिकट का पैसा देने को तैयार है, लेकिन इसी अफरातफरी में किसी कारणवश घाट कर्मी का हाथ दब गया। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख वहां मौजूद घाट अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद ही युवक को जहाज से गंगा पार भेजा जा सका।

गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की आवाजाही को लेकर परिजन हुए बेहद सतर्क

वहीं, जहाज से नियमित रूप से सफर करने वाले मरीजों की संख्या में पिछले कुछ दिनों से कमी देखी जा रही है। दरअसल, पिछले दिनों जहाज से गंगा पार ले जाने के दौरान समय पर इलाज न मिलने से एक गर्भवती महिला के बच्चे की मौत होने की हृदयविदारक घटना सामने आई थी। इस हादसे के बाद से प्रशासन के साथ-साथ मरीजों के परिजन भी बेहद सतर्क हो गए हैं। अब लोग गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को जहाज के रास्ते ले जाने से कतरा रहे हैं और पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सावधानी बरत रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।