विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुहूर्त ट्रेडिंग में बरसी धनवर्षा: भागलपुर के लोगों ने 70 मिनट में झोंके 100 करोड़ रुपये, ब्रोकरेज और बैंकिंग शेयर छाए

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:31 AM (IST)

Stock Market Investment: भागलपुर के निवेशकों ने दीपावली की मुहूर्त ट्रेडिंग में 70 मिनट में करीब 100 करोड़ रुपये का ...और पढ़ें

Stock Market Investment: भागलपुर के निवेशकों ने मुहूर्त ट्रेडिंग के 70 मिनट में लगाए 100 करोड़। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

Stock Market Investment: भागलपुर के निवेशकों ने मुहूर्त ट्रेडिंग के 70 मिनट में लगाए 100 करोड़। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. भागलपुर में मुहूर्त ट्रेडिंग में 70 मिनट में 100 करोड़ का निवेश।

  2. निवेशकों ने कैपिटल मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर और ब्रोकरेज फर्मों पर किया भरोसा।

  3. निजी बैंकों में ICICI और HDFC बैंक पसंदीदा विकल्प बने।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Stock Market Investment: दीपावली के पावन पर्व पर नए संवत्सर के स्वागत में शेयर बाजार द्वारा आयोजित विशेष 'मुहूर्त ट्रेडिंग' सत्र में भागलपुर के निवेशकों ने अभूतपूर्व उत्साह का प्रदर्शन किया। 70 मिनट के इस विशेष कारोबारी सत्र में शहर के छोटे और बड़े निवेशकों ने मिलकर करीब 100 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश किया।

शुभ मुहूर्त में निवेश करने की पारंपरिक आस्था को निभाते हुए इस बार निवेशकों की रणनीति में एक नया बदलाव देखने को मिला। निवेशकों ने पारंपरिक सेक्टरों के बजाय शेयर बाजार के बुनियादी ढांचे और वित्तीय सेवाओं से सीधे जुड़ी कंपनियों पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया।

वित्तीय ढांचे और ब्रोकरेज कंपनियों के शेयरों की रही बंपर मांग

इस विशेष सत्र के ट्रेंड्स पर प्रकाश डालते हुए निवेश सलाहकार उत्तम झुनझुनवाला ने बताया कि इस बार भागलपुर के निवेशकों का सबसे बड़ा रुझान कैपिटल मार्केट की रीढ़ मानी जाने वाली कंपनियों की ओर था। बांबे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के साथ-साथ डिपॉजिटरी सेवाएं प्रदान करने वाली सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज लिमिटेड (CDSL) और नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के शेयरों में जबरदस्त लिवाली देखी गई।

इसके साथ ही देश की अग्रणी ब्रोकरेज फर्मों के शेयरों को भी निवेशकों ने अपनी पहली प्राथमिकता बनाया। विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय शेयर बाजार में खुदरा निवेशकों की लगातार बढ़ती भागीदारी और वित्तीय डिजिटलीकरण के विस्तार को देखते हुए निवेशकों ने इन कंपनियों के भविष्य पर बड़ा दांव खेला है।

निजी बैंकिंग में आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बने पसंदीदा विकल्प

कैपिटल मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा बैंकिंग क्षेत्र में भी निवेशकों की गहरी दिलचस्पी बनी रही। खासकर निजी क्षेत्र के दो शीर्ष बैंकों—आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में मजबूत खरीदारी दर्ज की गई। निवेशकों ने इन दिग्गज बैंकों के मजबूत फंडामेंटल और निरंतर विकास क्षमता को देखते हुए अपने पोर्टफोलियो में इन्हें शुभ शुरुआत के रूप में शामिल किया।

नए संवत्सर में समृद्धि की शुभ शुरुआत: डॉ. सीए प्रदीप झुनझुनवाला

वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं आर्थिक सलाहकार डॉ. सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला ने बताया कि दीपावली पर आयोजित होने वाली मुहूर्त ट्रेडिंग को निवेशक केवल एक कारोबारी गतिविधि नहीं, बल्कि पूरे वर्ष की सुख-समृद्धि और वित्तीय अनुशासन के शुभ संकल्प के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि भागलपुर के निवेशकों ने इस बार भी पूरे उत्साह के साथ परंपरा का निर्वहन किया और महज सवा घंटे के सत्र में 100 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश शहर की आर्थिक सजगता और मजबूत होती क्रय शक्ति का प्रमाण है।

गौरतलब है कि यह विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र दोपहर 2:20 बजे से 3:20 बजे तक और उसके बाद 10 मिनट के अतिरिक्त क्लोजिंग विंडो के साथ कुल 70 मिनट तक संचालित हुआ, जिसमें पूरे समय बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।