भागलपुर में 26 सितंबर के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज! डीप डिप्रेशन कमजोर, 30 सितंबर तक विदा होगा मानसून
Bihar Monsoon Forecast : भागलपुर में सितंबर के अंतिम सप्ताह में मानसून की विदाई होने वाली है, क्योंकि बंगाल की ...और पढ़ें

Bihar Monsoon Forecast : भागलपुर के भोलानाथ पुल के पास जमा पानी।
HighLights
डीप डिप्रेशन कमजोर होने से मानसून की वापसी।
26 सितंबर के बाद बारिश में उल्लेखनीय कमी आएगी।
30 सितंबर तक भागलपुर से मानसून की औपचारिक विदाई।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Monsoon Forecast : सितंबर के अंतिम सप्ताह में भागलपुर के मौसम ने जाते-जाते अपना आखिरी रंग दिखा दिया है। बंगाल की खाड़ी से उठे डीप डिप्रेशन के कारण बीते दिनों जमकर बरसे बदरा के बाद अब यह मौसमी तंत्र कमजोर पड़ने लगा है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अपना डेरा समेटने की तैयारी में जुट गया है।
जिस समय मानसून उत्तर-पश्चिम भारत से अपने कदम पीछे खींच रहा था, ठीक उसी समय इस डीप डिप्रेशन ने पूर्वी भारत में प्रचुर मात्रा में नमी झोंक दी, जिससे भागलपुर और आसपास के इलाकों में विदाई से ठीक पहले बारिश का एक और दौर शुरू हो गया।
हालांकि अब मौसम का यह मिजाज पूरी तरह पलटने की दहलीज पर है। दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना मौसमी दबाव तेजी से कमजोर हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वातावरण में नमी का स्तर घटने के साथ ही मानसून की वापसी (Monsoon Withdrawal) के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं।
26 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आएगी और 29 सितंबर को भागलपुर का आसमान काफी हद तक साफ हो जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर तक जिले से मानसून की औपचारिक विदाई के प्रबल आसार हैं।
तीन दिन में तेजी से साफ होगा मौसम, नमी का असर हुआ खत्म
बिहार मौसम सेवा केंद्र, पटना के संयुक्त निदेशक सीएन प्रभु ने बताया कि मानसून की वापसी की सामान्य प्रक्रिया के दौरान भी स्थानीय स्तर पर बारिश होती रहती है। इस बार विदाई बेला के ठीक बीच डीप डिप्रेशन के सक्रिय होने से नमी बढ़ गई और बारिश का दौर लंबा खिंच गया।
भागलपुर मौसम व मानसून विदाई
वर्तमान मौसमी प्रणाली: दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ का डीप डिप्रेशन कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर की ओर अग्रसर।
बारिश में कमी के संकेत: 26 सितंबर के बाद से बारिश में निरंतर कमी।
आसमान साफ होने की तिथि: 29 सितंबर से मौसम पूरी तरह खुलने की उम्मीद।
मानसून विदाई की संभावित तिथि: 30 सितंबर (भागलपुर व आसपास के क्षेत्रों से)।
वापसी की स्थिति: उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश राज्यों से मानसून पहले ही लौट चुका है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब यह मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ चुका है। अगले करीब तीन दिनों के भीतर मौसमी परिदृश्य में तेजी से सुधार होगा और वातावरण में छाई धुंध व बादल छंटने लगेंगे।
देश के कई हिस्सों से लौटा मानसून, भागलपुर में संक्रमण काल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून पहले ही पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों से पूरी तरह वापस हो चुका है। भागलपुर के लिए अगले दो से तीन दिन मौसमी संक्रमण (ट्रांजिशन) के साबित होंगे।
26 सितंबर तक स्थानीय बादलों की आवाजाही के बीच इक्का-दुक्का स्थानों पर छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन भारी या लगातार बारिश का दौर अब पूरी तरह थम जाएगा। 29 सितंबर से चटख धूप खिलने और 30 सितंबर तक जिले से मानसून के पूरी तरह विदा होने के साथ ही सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंडक का असर दिखने लगेगा।
