विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काम करने वाले मजदूर अलग, पैसा लेने वाले अलग; दो बार बदल रहे मनरेगा मजदूरों के चेहरे, भागलपुर में मास्टर रोल में गजब

Published: Tue, 12 May 2026 01:01 PM (IST)

मनरेगा योजना में भागलपुर के सन्हौला सहित अन्य प्रखंडों में मजदूरों की तस्वीरों में अनियमितताएं सामने आई हैं। सुबह और ...और पढ़ें

मनरेगा में फर्जी मजदूरों की तस्वीरें, भागलपुर के सन्हौला में अनियमितताएं खुलीं

मनरेगा में फर्जी मजदूरों की तस्वीरें, भागलपुर के सन्हौला में अनियमितताएं खुलीं

जागरण संवाददाता, भागलपुर। मनरेगा योजना में सन्हौला प्रखंड सहित अन्य क्षेत्रों में मजदूरों की तस्वीरों को लेकर अनियमितताएं सामने आई हैं। अलग-अलग शिफ्ट में अलग-अलग मजदूर काम करते दिखाई दे रहे हैं। सुबह और शाम की तस्वीरों में मजदूरों का मिलान नहीं हो रहा है।

सन्हौला में सुबह-शाम का अंतर

सन्हौला प्रखंड के मास्टर रोल संख्या 998 की तस्वीरों में सुबह और शाम में मजदूरों के चेहरों में कोई मेल नहीं है। नौ मई को सुबह अपलोड की गई दस मजदूरों की तस्वीर में और शाम को अपलोड की गई सात मजदूरों की तस्वीर में पूरी तरह अंतर था।

मास्टर रोल संख्या 1000 में सुबह आठ मजदूरों की तस्वीर में छह महिलाएं और दो पुरुष थे, जबकि शाम को केवल दो पुरुष और दो महिला दिखाई दिए। शाम की तस्वीर में दिखाए गए चेहरे सुबह की तस्वीर में नहीं थे।

फर्जी मजदूरों की पहचान

मास्टर रोल संख्या 1001 की तस्वीरों में भी चेहरे बेमेल पाए गए। सुबह नौ मजदूरों की तस्वीर में छह महिलाएं और तीन पुरुष थे, जबकि शाम को केवल दो महिला और दो पुरुष दिखाए गए। पाँच मजदूर अनुपस्थित थे। 10 मई को मास्टर रोल संख्या 1263 में पुरुष मजदूर उस्मान की सुबह और शाम की तस्वीरें अलग थीं। अन्य कई मास्टर रोल में भी ऐसे मामले सामने आए।

अनियमितताओं की वजह से फर्जीवाड़ा

इन अनियमितताओं के चलते फर्जी मजदूरों के नाम पर पैसे की उगाही हो रही है। यह केवल सन्हौला प्रखंड में नहीं, बल्कि गोराडीह और अन्य प्रखंडों में भी देखने को मिल रहा है।

जिला प्रशासन की प्रतिक्रिया

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, देव कृष्ण, ने बताया कि मनरेगा कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। जो कर्मी गलत गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।