भागलपुर महोत्सव : 'आओ हुज़ूर तुमको सितरों में ले चलूं' पर थिरके दर्शक Bhagalpur News
पांच दिवसीय भागलपुर महोत्सव की शुरुआत टॉउन हॉल में हुआ। बिहार सरकार के मंत्री रामनारायण मंडल ने इसका उद्घाटन किया। तोरसा सरकार और स्वस्ति नित्या ने कार्यक्रम पेश की।
भागलपुर, जेएनएन। एक ओर नृत्य-संगीत की लहरें तो दूसरी ओर शहर को अपने इस सांस्कृतिक मिजाज के अनुरूप सजाने के सपने। बुधवार को भागलपुर महोत्सव के उद्घाटन के दीप जले तो उसकी झिलमिल रोशनी में ये ख्वाहिश भी रोशन हो रही थी, सपने भी रंगीन हो रहे थे।
भागलपुर की बेटी पार्श्व गायिका तोरसा सरकार की स्वर लहरियों को तालियों का साथ मिल रहा था और लोग संगीत की इस शाम में गोते लगा रहे थे। तोरसा ने कजरा मोहब्बत वाला..., मैं तेनू समझावा..., दमादम मस्त कलंदर..., मेरे रश्के कमर..., आओ हुज़ूर तुमको सितरों में ले चलूं...चुरा लिया है तुम ने जो दिल को, नज़र नहीं चुराना सनम..., परवर दिगार बुलिया मुर्शिद मेरा..., कांटों से खींच के ये आंचल..., कजरा मोहब्बत वाला..., छाप तिलक सब छीन..., मेरा पल्ले लटके..., कजरारे कजरारे, लैला मैं लैला ऐसी हूं लैला..., सारा जमाना हसीनों का दीवाना... जैसे गीतों के गुलदस्तों से महोत्सव की खूबसूरती में चार चांद लगाया। तोरसा के साथ कुछ गानें भागलपुर की शमीना नाज ने भी गाये।
कार्यक्रम की शुरुआत भागलपुर की अम्मा के नाम से मशहूर स्वस्ति नित्या ने गणेश वंदना के साथ की। स्वस्ति नित्या के नृत्य और कॉमेडी से दर्शक मुग्ध हो गए। दर्शक तोरसा... तोरसा... स्वस्ति... स्वस्ति... कर रहे थे।
वहीं, नवगछिया बाल भारती स्कूल के बच्चों ने मंगलाचरण एवं गणेश वंदना की। स्थानीय नवालोक एकेडमी, ताल नृत्य संस्था एवं श्वेता साह ग्रुप ने अपने नृत्य से दर्शकों का मन मोहा। समारोह स्थल पर आकर्षक साज-सज्जा की गई थी। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर प्रशाल के अंदर रंगमंच को भी रंगबिरंगे फूलों व झिलमिल रोशनी से सजाया गया था।
मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे शहर की समस्या, लोगों के सुझाव
इससे पूर्व नागरिक विकास समिति के रजत जयंती वर्ष पर पांच दिनों तक चलने वाले भागलपुर महोत्सव का उद्घाटन राज्य के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री राम नारायण मंडल, मेयर सीमा साह, जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार, डिप्टी मेयर राजेश वर्मा, राजीवकांत मिश्रा, डॉ. नेहा गुप्ता, फादर वर्गीस, समिति के अध्यक्ष जियाउर रहमान, अधिवक्ता अभयकांत झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के प्रधान सलाहकार रमण कर्ण कर रहे थे।
भूमि सुधार मंत्री ने कहा कि भागलपुर के खाते में केंद्र सरकार की सात करोड़ की धन राशि पड़ी है, फिर भी यह स्मार्ट शहर समस्याओं के चक्रव्यूह में है। यहां कूड़ों का ढेर, पेयजल और जाम की समस्या है। लोगों की बातें पूरी गंभीरता से सुनी है और जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव दें। जनवरी में मुख्यमंत्री यहां आने वाले हैं। उन तक हर सलाह को पहुंचाने का प्रयास होगा।
मेयर सीमा साहा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के सक्रिय नहीं रहने के कारण विकास बाधित हो रहा है। सरकार को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है। डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने कहा कि इस शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा हुए तीन वर्ष गुजर गए। राशि उपलब्ध होने के बाद भी हम एक कदम भी नहीं बढ़ पाए हैं। जनसरोकार की बातें अधिकारी सुनते नहीं।
जिप अध्यक्ष टुनटुन साह, अधिवक्ता अभयकांत झा आदि ने यहां की सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ बनाने की बात कही। उन्होंने नाथनगर स्थित जैन मंदिर और विक्रमशिला विवि के गौरव को लौटाने की जरूरत पर बल दिया। आगत अतिथियों का स्वागत राजीव कांत मिश्रा ने किया।