गबन का खेल दामाद ने किया... मेरा क्या कसूर: भागलपुर में 98 लाख के वेतन घोटाले में हरियाणा की महिला ने मांगी जमानत
Bhagalpur Education Department भागलपुर शिक्षा विभाग के 98 लाख रुपये के एचआरएमएस घोटाले में आरोपित तनुजा देवी ने अग्रिम जमानत मांगी है। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनके दामाद अविनाश राज ने उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते का गलत इस्तेमाल किया।

Bhagalpur Education Department : भागलपुर शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के फर्जी शिक्षिका वेतन गबन मामले में आरोपित सास तनुजा देवी ने मांगी अग्रिम जमान
HighLights
तनुजा देवी ने 98 लाख के गबन मामले में अग्रिम जमानत मांगी।
दामाद अविनाश राज पर बैंक खाते के गलत इस्तेमाल का आरोप।
फर्जी शिक्षिका तन्नू श्री के नाम पर हुआ था वेतन भुगतान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Education Department : शिक्षा विभाग में एचआरएमएस (HRMS) पोर्टल पर फर्जी शिक्षिका तन्नू श्री की आईडी बनाकर अवैध रूप से वेतन भुगतान करने से जुड़े 98 लाख रुपये के बहुचर्चित गबन मामले में नामजद आरोपित तनुजा देवी ने विशेष न्यायालय में अग्रिम जमानत की गुहार लगाई है।
तनुजा देवी के बैंक खाते से भी गबन की लाखों रुपये की राशि का लेन-देन हुआ था। वह नौ अक्टूबर 2026 को डीपीओ (स्थापना) शशि चंदन चौधरी के साथ गिरफ्तार किए गए सेवामुक्त संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर अविनाश राज की सास हैं।
दामाद ने बिना बताए खाते का किया गलत इस्तेमाल
विशेष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से दाखिल अग्रिम जमानत अर्जी में तनुजा देवी ने अभियोजन की कहानी को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने अर्जी में कहा है कि वह पूरी तरह निर्दोष हैं और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है। उनका आरोप है कि करीबी रिश्तेदार होने के कारण उनके दामाद अविनाश राज ने उन्हें जानकारी दिए बगैर उनके बैंक खाते का गलत इस्तेमाल किया, इसलिए गबन के इस खेल में उनका कोई कसूर नहीं है।
कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष
तनुजा देवी ने अपनी अर्जी में अपना पता एफसीए ए/56, आईडीबीआई बैंक के पास, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) दर्ज कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है और न ही उन्होंने इससे पहले इस अदालत या पटना उच्च न्यायालय में जमानत के लिए कोई अर्जी दी है। उन्होंने जांच में पूर्ण सहयोग करने का भरोसा देते हुए कहा कि उनके फरार होने या साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की कोई आशंका नहीं है।
डीईओ, डीपीओ और ऑपरेटर समेत कई हैं नामजद आरोपित
उल्लेखनीय है कि 98,12,773 रुपये के इस बड़े गबन का मामला उजागर होने के बाद क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) सुभाष कुमार गुप्ता ने आठ अक्टूबर 2026 को जोगसर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस केस में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) चंदन कुमार, डीपीओ स्थापना शशि चंदन चौधरी, उच्च वर्गीय लिपिक शिशिर कुमार झा, सेवामुक्त संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर अविनाश राज, अविनाश की पत्नी काजल और सास तनुजा देवी समेत अन्य अज्ञात को नामजद आरोपित बनाया गया है।
एचआरएमएस सेल से 7 अक्टूबर को मिली थी पहली सूचना
आरडीडीई सुभाष कुमार गुप्ता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सात अक्टूबर 2026 को सुबह 11:58 बजे शिक्षा विभाग के एचआरएमएस सेल से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), भागलपुर को सूचना मिली थी कि जुलाई 2026 में एक शिक्षिका के खाते में 43 लाख रुपये से अधिक का वेतन भेजा गया है। इस सूचना के बाद जब विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच की गई तो पूरे घोटाले की परतें खुलती चली गईं।
जांच में सामने आया कि फर्जी शिक्षिका तन्नू श्री को मार्च 2026 का पहला वेतन अप्रैल 2026 में भुगतान किया गया था। इसके बाद मई 2025 से फरवरी 2026 तक का पिछला बकाया वेतन दिखाकर अलग-अलग लेन-देन के जरिए कुल 98,12,773 रुपये की अवैध निकासी की गई।
इसमें अकेले जुलाई 2026 में 43,62,168 रुपये और अगस्त 2026 में 46,95,775 रुपये का भुगतान शामिल है। दस्तावेजों के सत्यापन में शिक्षिका और उसके सभी कागजात पूरी तरह फर्जी पाए गए थे, और इसी गबन की राशि का एक बड़ा हिस्सा आरोपित तनुजा देवी के बैंक खाते में भी ट्रांसफर किया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।