विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bhagalpur Ganga Water Level: खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे उतरी गंगा, 34 मीटर पर आया पानी; पटना व हाथीदह में भी राहत

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:38 AM (GMT+05:30)

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 6 सेंटीमीटर नीचे 33.62 मीटर पर ...और पढ़ें

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर में गंगा का जलस्‍तर।

Bhagalpur Ganga Water Level: भागलपुर में गंगा का जलस्‍तर।

HighLights

  1. भागलपुर में गंगा जलस्तर खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे।

  2. पिछले 48 घंटों में नदी के जलस्तर में 8 सेमी की कमी।

  3. पटना और हाथीदह में भी गंगा का पानी घटने लगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Ganga Water Level: कई दिनों तक लाल निशान के आसपास मंडराने और तटवर्ती इलाकों में खौफ पैदा करने के बाद अब गंगा नदी तेजी से नीचे खिसकने लगी है। मंगलवार सुबह नदी ने भागलपुर में 33.62 मीटर पर पहुंचकर खतरे के निशान से छह सेंटीमीटर नीचे अपनी जगह बना ली है।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के सुबह छह बजे के रियल-टाइम आंकड़ों के अनुसार जलस्तर 33.62 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो एक घंटे पहले की तुलना में भी एक सेंटीमीटर कम था। भागलपुर में खतरे का निशान 33.68 मीटर निर्धारित है।

आंकड़ों पर गौर करें तो रविवार को भागलपुर में गंगा 33.70 मीटर पर स्थिर बनी हुई थी। इसके बाद सोमवार सुबह यह घटकर 33.66 मीटर पर आई और मंगलवार सुबह और नीचे फिसलते हुए 33.62 मीटर पर पहुंच गई। इस प्रकार पिछले 48 घंटों के दौरान नदी के जलस्तर में कुल आठ सेंटीमीटर की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

सोमवार सुबह की तुलना में मंगलवार सुबह तक सीधे चार सेंटीमीटर पानी कम हुआ है। लगातार नीचे जाने का यह ट्रेंड तटवर्ती पंचायतों और शहर के निचले रिहायशी इलाकों के लिए बड़ी राहत का संकेत है।

पटना से हाथीदह तक घटने लगा पानी, ऊपरी प्रवाह में राहत

राहत की सबसे अहम बात यह है कि केवल भागलपुर ही नहीं, बल्कि गंगा के ऊपरी जलप्रवाह वाले स्टेशनों पर भी पानी कम होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सीडब्ल्यूसी की मंगलवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार, पटना प्रक्षेत्र के प्रमुख गेज स्टेशनों पर भी पानी तेजी से उतर रहा है।

भागलपुर व ऊपरी स्टेशनों पर गंगा का जलस्तर: ताजा आंकड़े

  • भागलपुर (वर्तमान स्तर): 33.62 मीटर (खतरे का निशान: 33.68 मीटर — 6 सेमी नीचे)

  • 48 घंटे का ट्रेंड: रविवार (33.70 मी)- सोमवार (33.66 मी)- मंगलवार (33.62 मी) = कुल 8 सेमी की कमी

  • पटना (दीघाघाट): 49.95 मीटर (गिरावट जारी)

  • पटना (गांधीघाट): 48.85 मीटर (गिरावट जारी)

  • हाथीदह: 42.11 मीटर (कमी दर्ज)

राजधानी पटना के दीघाघाट पर जलस्तर 49.95 मीटर और गांधीघाट पर 48.85 मीटर दर्ज किया गया। यद्यपि ये दोनों स्टेशन अभी भी अपने खतरे के निशान से ऊपर हैं, लेकिन यहां पानी लगातार घटने का ट्रेंड दर्ज किया गया है।

इसके अलावा मोकामा के पास हाथीदह में भी जलस्तर 42.11 मीटर दर्ज किया गया और वहां भी जलस्तर में कमी आई है। ऊपरी इलाकों से पानी का इनफ्लो (आवक) कम होने से भागलपुर में जलस्तर के और तेजी से सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर बियाडा गंगा घाट पर जलयान बने लाइफलाइन! प्रसव पीड़ा से कराहती महिला को मिली एंबुलेंस, पशुओं को भी म‍िला भोजन