भागलपुर में गंगा-कोसी के प्रकोप से सहमे ग्रामीण, राघोपुर तटबंध पर खतरे के बीच शुरू हुआ पलायन
गंगा और कोसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से भागलपुर जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जिससे राघोपुर तटबंध ...और पढ़ें

राघोपुर गांव से पलायन करते लोग। जागरण
HighLights
राघोपुर तटबंध पर गंगा का लगातार दबाव, कटाव का खतरा।
नाथनगर और अजगैवीनाथ में घरों में घुसा बाढ़ का पानी।
कटावरोधी कार्य बाधित, प्रशासन से राहत की मांग।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर ने भागलपुर जिले के कई इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। राघोपुर जमींदारी तटबंध पर गंगा का दबाव लगातार बना हुआ है।
राघोपुर गांव के सामने तटबंध का बड़ा हिस्सा पहले ही गंगा में विलीन हो चुका है। अब करीब 150 वर्ष पुराने महादेवपुर रेल घाट से जुड़े रेलवे बांध पर आसपास के दर्जनों गांवों की नजर टिकी हुई है।
स्थिति को देखते हुए राघोपुर पंचायत के कई ग्रामीण घर खाली कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं। इससे गांवों में भय और चिंता का माहौल है।
तटबंध को बचाने के लिए जहाज से बालू लाकर कटावरोधी कार्य कराया जा रहा था, लेकिन गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण शुक्रवार को जहाज का परिचालन रुक गया।
जहाज के रुकने से कटावरोधी कार्य प्रभावित होने की आशंका है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार सुबह 11 बजे जहाज पर ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों, संवेदक और पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र की मौजूदगी में बैठक प्रस्तावित है।
इसमें जहाज का परिचालन दोबारा शुरू कराने, बालू की व्यवस्था और कटावरोधी कार्य को तेज करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नाथनगर में डेढ़ फीट बढ़ा पानी
नाथनगर क्षेत्र में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार 24 घंटे में करीब डेढ़ फीट पानी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अगले दो-तीन दिनों तक इसी तरह जलस्तर बढ़ता रहा तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
अजगैवीनाथ में घरों में घुसा पानी
अजगैवीनाथ धाम में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तटवर्ती इलाकों के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। आसपास के क्षेत्रों में भी पानी तेजी से फैल रहा है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।
कई नदियों के बढ़ते जलस्तर से गांवों में फैल रहा पानी
गंगा के साथ कुआ, भायना, गेरुआ और घोघा नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है। तोफिल, अनठावन, पकड़तल्ला, आमापुर, एकचारी स्टेशन और त्रिमोहन मार्कंडेय टोला समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल रहा है।
नवगछिया के दियारा में बढ़ी पशुपालकों की परेशानी
नवगछिया अनुमंडल में भी गंगा और कोसी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। निचले इलाकों में पानी फैलने से दियारा क्षेत्र के पशुपालकों की परेशानी बढ़ गई है।
पशुपालक अपने मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों की ओर ले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ का कहर: गंगा समेत 8 नदियां उफान पर, 13 जिलों में बिगड़े हालात; पलायन को मजबूर हुए लोग
