भागलपुर में मंडराया खतरा: धोबनिया और बुढ़िया बांध में ब्रीच, पानी रोकने को बिछाई जा रही प्लास्टिक शीट व बालू की बोरियां
Bhagalpur Flood Embankment Breach: भागलपुर में गंगा और सहायक नदियों के बढ़ते जलस्तर से बांधों व तटबंधों पर संकट गहरा गया है, जहां कई संवेदनशील स्थलों पर कटाव और दरारें देखी गईं। प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपालपुर के ब्रह्मोत्तर बांध में हुई दरार को नियंत्रित किया और रंगरा के धोबनिया में कटाव रोकने के प्रयास जारी हैं।

Bhagalpur Flood Embankment Breach: भागलपुर में तटबंधों पर बाढ़ का भारी दबाव! रंगरा के धोबनिया बांध में 20 फीट कटाव, सड़क किनारे युद्धस्तर पर बचाव कार्य
HighLights
गंगा और सहायक नदियों के बढ़ते जलस्तर से बांधों पर दबाव।
गोपालपुर के ब्रह्मोत्तर बांध में दरार को नियंत्रित किया गया।
रंगरा के धोबनिया बांध में लगभग 20 फीट का कटाव हुआ।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Flood Embankment Breach: जिले में गंगा और उसकी सहायक नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच बांधों तथा तटबंधों की सुरक्षा जिला प्रशासन व जल संसाधन विभाग के लिए सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा बन गई है। शुक्रवार को नदियों के तेज दबाव के चलते कई संवेदनशील स्थलों पर कटाव और ब्रीच (दरार) की घटनाएं सामने आईं। सूचना मिलते ही प्रशासनिक तंत्र और जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीमें हरकत में आ गईं और प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक एवं उपचारात्मक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
प्रशासन को पहली बड़ी सफलता गोपालपुर प्रखंड में मिली, जहां ब्रह्मोत्तर बांध में गुरुवार की देर रात अचानक गंभीर ब्रीच हो गया था। तेज बहाव के बीच बांध टूटने की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन, अभियंताओं और ग्रामीणों के साझा व त्वरित प्रयासों से समय रहते ब्रीच को पूरी तरह नियंत्रित कर स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे आसपास की बड़ी आबादी जलमग्न होने से बच गई।
रंगरा के धोबनिया बांध में 20 फीट कटाव, सड़क बचाने की कवायद
इधर, रंगरा प्रखंड अंतर्गत धोबनिया जमींदारी बांध पर सैलाब का भारी दबाव देखने को मिला। शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे बांध में लगभग 20 फीट चौड़ा कटाव हो गया। बांध से रिसकर निकल रहा पानी तेजी से पीडब्ल्यूडी की 14 नंबर सड़क के किनारे फैलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने पानी के अनियंत्रित फैलाव को रोकने के लिए सड़क के समानांतर तत्काल डॉवल निर्माण का काम शुरू कराया।
गंगा और सहायक नदियों के उफान से भागलपुर जिले के संवेदनशील तटबंधों और जमींदारी बांधों पर बढ़ा भारी जल दबाव
रंगरा प्रखंड के धोबनिया जमींदारी बांध में शुक्रवार तड़के 4:30 बजे हुआ करीब 20 फीट का कटाव, 14 नंबर सड़क किनारे फैलने लगा पानी
गोपालपुर प्रखंड के ब्रह्मोत्तर बांध में रात में हुए ब्रीच को जल संसाधन विभाग और ग्रामीणों ने समन्वित प्रयास से किया नियंत्रित
कटाव रोकने के लिए मौके पर बांस पाइलिंग, प्लास्टिक शीट और बालू भरे बोरों से डॉवल निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी
कटाव को आगे बढ़ने से रोकने के लिए तकनीकी टीम द्वारा मौके पर बांस पाइलिंग और एनसी (नॉन-कंक्रीट) कार्य की मुकम्मल तैयारी की जा रही है। बांध पर ओवरटॉपिंग (पानी के ऊपर से बहने) को रोकने के लिए बालू से भरे बोरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही नदी की दिशा से मजबूत प्लास्टिक शीट बिछाकर उसके ऊपर बालू के बोरे रखे जा रहे हैं, ताकि पानी के सीधे प्रहार और दबाव को कम कर कटाव को रोका जा सके। मौके पर कनीय अभियंता अविनाश कुमार और सहायक अभियंता मुरारी प्रसाद सिंह तकनीकी अमले के साथ कैंप कर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
कई अन्य तटबंधों पर निगरानी तेज, ग्रामीणों का मिल रहा सहयोग
रंगरा चौक क्षेत्र के धोबनिया बांध (कलबलिया नदी), रंगरा पंचायत तथा बनिया बैसी पंचायत अंतर्गत बुढ़िया बांध (सदोपुर रिंग बांध) के हिस्सों में भी पानी के रिसाव और ब्रीच की सूचना मिली है। इन सभी संवेदनशील स्थलों पर तकनीकी टीमों को फौरन रवाना कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जिले भर के सभी रिंग बांधों, जमींदारी तटबंधों और गाइड बांधों पर 24 घंटे की सघन पेट्रोलिंग व निगरानी के आदेश दिए हैं। वरीय अधिकारियों ने सभी अभियंताओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से समन्वय बनाकर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कटाव और ब्रीच को समय रहते थामकर रिहायशी बस्तियों तथा प्रमुख आवागमन मार्गों को सुरक्षित रखना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।