भागलपुर के कटरिया नदी में महिला सहित चार डूबे, तीन भाइयों की मौत
भागलपुर के घोघा थाना क्षेत्र में कटरिया नदी में डूबने से तीन भाइयों की मौत हो गई। ये युवक स्नान ...और पढ़ें
-1773242943561_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, घोघा(भागलपुर)। भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह कटरिया नदी में डूबने से दो सगे सहित तीन भाइयों की मौत हो गई। जबकि, डूब रही एक महिला को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उक्त महिला इलाजरत है।
डूबने वाले तीनों मृतकों की पहचान दो सगे भाई और एक चचेरे भाई के रूप में हुई है। मृतक घोघा थाना क्षेत्र के ओलपुरा निवासी शालीग्राम साह के पुत्र बाबी देवल(20), सन्नी देवल(22), नंदलाल साह के पुत्र कृष्णा उर्फ किशन कुमार(25) थे। रेस्क्यू की गई महिला रुक्मिणी देवी(25) (पति भोला साह) का उपचार निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है।
सुबह 9:45 बजे हुई उक्त घटना के बाद ग्रामीण गोताखोरों व मछुआरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव को नदी से खोज निकाला। सूचना पाकर घोघा पुलिस व डायल 112 की टीम पहुंची। तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया।
ह्यूम पाइप के पास लटक रही रस्सी के टूटने पर चारों नदी में गिरे
नदी तट पर स्नान कर रहे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक अपने स्वजनों के साथ घोघा गोल सड़क दुर्गा मंदिर के समीप कटरिया नदी में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान से दौरान ये लोग 'रील' बनाने लगे। नदी में बने निजी कच्ची संपर्क पथ में ह्यूम पाइप लगी है। जिससे पानी काफी तेज रफ्तार से निकल रहा था।
ह्यूम पाइप के किनारे एक रस्सी लटक रही थी, उसी रस्सी के सहारे ये लोग रील बनाने लगे। इसी दौरान रस्सी अचानक टूट गई। जिससे सभी पानी के तेज बहाव में बह गए।
बताया जाता है कि ओलपुरा निवासी तीनों युवक दिल्ली के आजादपुर मंडी में रहते थे। परिवार के एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए ये सभी पांच दिन पूर्व ही गांव आए थे। मुंडन प्रक्रिया के दौरान ही अपने स्वजनों के साथ ये स्नान करने नदी तट पर गए थे।
