काजू हीरा मोती, गोंद लड्डू, काजू गुलाब और बंगाली बेक रसगुल्ला: दीवाली पर बिहार की मिठाइयों का झारखंड में बढ़ा क्रेज
Diwali Sweets Market: दीपावली पर भागलपुर का मिठाई बाजार पूरी तरह गुलजार रहा, जहां काजू गुलाब, गोंद लड्डू और मेवा ...और पढ़ें
-1794111394013_m.webp)
Diwali Sweets Market: भागलपुर में दीपावली पर 1 माह तक चलने वाले काजू हीरा-मोती और काजू गुलाब की धूम।
HighLights
भागलपुर में दीपावली पर मिठाई बाजार में भारी भीड़ उमड़ी।
गोंद लड्डू, मेवा बाइट, काजू गुलाब की रही विशेष मांग।
भागलपुर की मिठाइयों की मिठास झारखंड तक पहुंची।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Diwali Sweets Market: प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर भागलपुर का मिठाई बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया। शनिवार को जिले के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों पर स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों में देर रात तक ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
लोगों ने काजू गुलाब से लेकर देसी घी के गोंद लड्डू तक अपनी पसंदीदा मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। इस वर्ष बाजार की सबसे बड़ी खासियत ऐसी मिठाइयां रहीं, जिन्हें त्योहार बीतने के बाद भी लंबे समय तक सुरक्षित रखा और खाया जा सकता है। करीब एक महीने की शेल्फ लाइफ वाली इन मिठाइयों में स्पेशल मेवा बाइट और गोंद लड्डू ग्राहकों की पहली पसंद बने।
देसी घी के गोंद लड्डू और मेवा बाइट की भारी मांग
जवारीपुर स्थित स्वीट कॉर्नर के प्रबंधक कुलदीप चौहान ने बताया कि ग्राहकों के रुझान को देखते हुए इस बार लंबी शेल्फ लाइफ वाली मिठाइयों पर विशेष जोर दिया गया। शुद्ध देसी घी से तैयार और एक माह तक खराब न होने वाले गोंद लड्डू 780 रुपये प्रति किलो और स्पेशल मेवा बाइट 1580 रुपये प्रति किलो की दर से बिके। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों ने इन पौष्टिक मिठाइयों को प्राथमिकता दी।

1600 रुपये किलो बिका काजू गुलाब, गिफ्ट पैक की रही बहार
खलीफाबाग चौक के प्रमुख मिठाई कारोबारी मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि शनिवार देर रात तक दुकानों पर खरीदारों का तांता लगा रहा। पारंपरिक मिठाइयों के अलावा काजू से तैयार प्रीमियम किस्मों की जबर्दस्त मांग रही। इनमें काजू हीरा मोती और काजू गुलाब ने ग्राहकों को खास आकर्षित किया। काजू गुलाब की कीमत 1600 रुपये प्रति किलो तक रही।
भागलपुर दिवाली मिष्ठान बाजार: खास किस्में और भाव
गोंद लड्डू (देसी घी - 1 माह शेल्फ लाइफ): 780 रुपये प्रति किलो
स्पेशल मेवा बाइट (1 माह शेल्फ लाइफ): 1580 रुपये प्रति किलो
काजू गुलाब (प्रीमियम वैरायटी): 1600 रुपये प्रति किलो
सर्वाधिक बिकने वाले गिफ्ट पैक: 250 रुपये से 1000 रुपये तक
अन्य लोकप्रिय किस्में: काजू हीरा मोती, काजू बास्केट, काजू स्ट्रॉबेरी, काजू मावा रोल, बंगाली बेक रसगुल्ला, कृष्ण भोग और शुगर फ्री मिठाइयां
दीपावली पर सगे-संबंधियों और मित्रों को उपहार देने के चलन के चलते आकर्षक गिफ्ट पैक की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। खासकर 250 से 1000 रुपये की रेंज वाले गिफ्ट पैक सबसे अधिक बिके। इन पैकेटों में काजू बर्फी, काजू बास्केट, काजू स्ट्रॉबेरी, काजू एप्पल, काजू सैंडविच, काजू मावा रोल चॉकलेट और काजू अंजीर पिस्ता बर्फी को प्रमुखता से शामिल किया गया था।
-1794111327361.webp)
झारखंड के गोड्डा और साहेबगंज तक पहुंचा भागलपुर का स्वाद
वेरायटी चौक के प्रतिष्ठित कारोबारी बलराम झुनझुनवाला ने बताया कि दीपावली पर भागलपुर की मिठास न सिर्फ स्थानीय स्तर पर बल्कि सीमावर्ती राज्यों तक फैली है। भागलपुर से तैयार प्रीमियम गिफ्ट पैक बिहार के मुंगेर, नवगछिया, कहलगांव के साथ-साथ झारखंड के गोड्डा और साहेबगंज जिलों में भी बड़ी तादाद में भेजे गए हैं। इस बार स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शुगर-फ्री मिठाइयां, ड्राई फ्रूट्स के विशेष पैकेट और स्पेशल मेवा मोदक की भी खूब मांग रही।
बंगाली बेक रसगुल्ला और पारंपरिक मिठाइयों की भी धूम
सुमृत मंडल कॉम्प्लेक्स के मिठाई कारोबारी गणेश प्रसाद यादव ने बताया कि आधुनिक किस्मों के बीच बंगाली बेक रसगुल्ला की मांग सबसे अधिक देखी गई। इसके अलावा पारंपरिक व विशेष स्वाद के शौकीनों के लिए कृष्ण भोग, सैंडविच ऑरेंज, बंगला चमचम, काजू पान, कलाकंद, पेड़ा, ड्राई फ्रूट लड्डू, पेठा और नारियल के लड्डू भी बड़ी मात्रा में तैयार किए गए, जिन्हें ग्राहकों ने खूब सराहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।