विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डांडिया नाइट में झूमा भागलपुर: DJ की धुन पर गरबा और बिहार के 'झिझिया' डांस ने जीता दिल

Published: Thu, 15 Oct 2026 02:26 PM (IST)

Dainik Jagran Dandiya Night Sandis Compound Bhagalpur :भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित डांडिया नाइट में शहरवासी ...और पढ़ें

भागलपुर में खनका डांडिया! लो
भागलपुर में खनका डांडिया! लो

HighLights

  1. दैनिक जागरण ने भागलपुर में भव्य डांडिया नाइट का सफल आयोजन किया।

  2. डीएम और महापौर ने दीप प्रज्वलित कर उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।

  3. झिझिया नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Dainik Jagran Dandiya Night Sandis Compound Bhagalpur : सर्द होती शाम, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान, हाथों में सजे डांडिया और कदम से कदम मिलाते शहरवासी। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित ओपन एयर थियेटर में बुधवार की शाम कुछ ऐसा ही अद्भुत और उल्लासपूर्ण नजारा देखने को मिला, जहां दैनिक जागरण की ओर से आयोजित 'डांडिया नाइट' ने शहर को उत्सव के सतरंगी रंगों से सराबोर कर दिया।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (8)

बुधवार शाम छह बजे से ही आयोजन स्थल पर गरबा और डांडिया के दीवानों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे रात बढ़ी और संगीत की धुनें तेज हुईं, वैसे-वैसे उत्साह भी परवान चढ़ता गया। ठंड की हल्की आहट के बीच डांडिया की खनक और गीतों की गर्माहट ने माहौल को पूरी तरह से उत्सवी बना दिया।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (7)

DM अलंकृता पांडे, महापौर व गणमान्य लोगों ने किया दीप प्रज्वलन

दैनिक जागरण की इस शानदार डांडिया नाइट का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पांडे, विशिष्ट अतिथि महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, दैनिक जागरण के जीएम राजाराम तिवारी और संपादकीय प्रभारी संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. बिहारी लाल, विशाल आनंद, जदयू नेता सुड्डू साईं, प्रशांत कुमार, श्रवण बाजोरिया और देवेंद्र गुप्ता सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जागरण डांडिया नाइट 2026: एक नजर में

  • आयोजक: दैनिक जागरण।

  • स्थान: ओपन एयर थियेटर, सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर।

  • मुख्य अतिथि: अलंकृता पांडे (जिलाधिकारी, भागलपुर), डॉ. वसुंधरा लाल (महापौर), राजाराम तिवारी (जीएम, दैनिक जागरण), संदीप कुमार (संपादकीय प्रभारी)।

  • सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: सिमरन की गणेश वंदना, नृत्यांग अकादमी व आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का डांडिया मैशअप, हिंदी युवा शक्ति का पारंपरिक 'झिझिया नृत्य', गायक मनीष मयूर, राजा व किया की गायकी।

  • मुख्य सहयोगी: अमित हीरो, महाकाल दर्शन, विराट टीवीएस, स्पीच एंड हियरिंग केयर प्राइवेट लिमिटेड।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (1)

"डांडिया के साथ बिहार की लोक परंपराओं को भी आगे बढ़ाएं" : जिलाधिकारी

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने दैनिक जागरण के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, "डांडिया और गरबा गुजरात की सीमाओं से निकलकर अब बिहार के जन-जन तक पहुंच चुका है और इसका विस्तार वैश्विक स्तर पर हो गया है।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (9)

दूसरे राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को अपनाना और उनके साथ खुशियां बांटना बहुत अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ ही हमें अपनी माटी की लोकसंस्कृति को भी जीवित और अक्षुण्ण रखना होगा।" उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से छठ पूजा सहित बिहार की विभिन्न लोककलाओं व लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक पहल करने की अपील की।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (2)

वहीं, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन शहर की विशिष्ट पहचान को और मजबूत करते हैं। इससे आपसी मेलजोल तो बढ़ता ही है, साथ ही हमारी नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और उत्सवों के करीब आने का एक बेहतरीन मंच मिलता है।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration

गणेश वंदना से लेकर बिहार के पारंपरिक झिझिया नृत्य तक बिखरे रंग

सांस्कृतिक संध्या में शहर के कलाकारों ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलाकार सिमरन द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद नृत्यांग अकादमी के बच्चों ने डांडिया मैशअप पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (3)

इस उत्सव का सबसे खास आकर्षण हिंदी युवा शक्ति की टीम की प्रस्तुति रही, जिन्होंने बिहार के पारंपरिक 'झिझिया नृत्य' के माध्यम से राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति की सजीव झलक पेश की, जिसे दर्शकों की खूब सराहना और तालियां मिलीं।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (6)

इसके बाद आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने डांडिया-गरबा मैशअप पर मनमोहक नृत्य पेश कर उत्सव का रंग और गाढ़ा कर दिया। वहीं, फ्यूचर बिट्स के कलाकार राजा और किया ने एक से बढ़कर एक डांडिया व फिल्मी गीतों से सुरों का जादू बिखेरा। जाने-माने गायक मनीष मयूर ने अपनी आवाज से उत्सव में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुतियों पर प्रतिभागी और दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (4)

रात 10 बजे तक जमी रही महफिल

डीजे वीनस की बेहतरीन धुनों और गुजराती-हिंदी गीतों के मैशअप ने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे लोग अपने दोस्तों, परिवार और बच्चों के साथ गोल घेरा बनाकर गरबा और डांडिया खेलने में मग्न दिखे। शाम से शुरू हुआ यह सिलसिला रात 10 बजे तक अनवरत चलता रहा। दैनिक जागरण की इस डांडिया नाइट में परंपरा, संगीत, कला और मनोरंजन का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसे भागलपुरवासी लंबे समय तक याद रखेंगे।

Bhagalpur Dandiya Night Dainik Jagran Hosts Grand Celebration (5)

डांडिया की थाप पर थिरका शहर

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अमित हीरो, महाकाल दर्शन, विराट टीवीएस, स्पीच एंड हियरिंग केयर प्राइवेट लिमिटेड ने मुख्य सहयोगी की भूमिका निभाई। वहीं, स्वर्णिका ज्वेलर्स, अमित ऑटोमोबाइल्स, कल्याण ज्वेलर्स, हरिओम लक्ष्मी नारायण ज्वेलर्स, बीकानेर एक्सप्रेस, यूरोलॉजी सुपर स्पेशलिटी मैटरनिटी क्लीनिक, सत्यम वेव, सेंट पायस, आरबीएम पैलेस, होटल निर्मला हाइट्स, सुधा, पूर्व महानगर जदयू जिला अध्यक्ष सुड्डू साईं और एलआईसी ने भी अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।