विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सफाईकर्मियों का EPF और बकाया न देने वाली एजेंसियों पर गिरेगी गाज, भागलपुर नगर आयुक्त का अल्टीमेटम

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:27 AM (GMT+05:30)

भागलपुर नगर निगम ने निजी सफाई एजेंसियों को सफाईकर्मियों के ईपीएफ और अन्य बकाया भुगतान न करने पर कार्रवाई की ...और पढ़ें

भागलपुर नगर निगम। फाइल फोटो

भागलपुर नगर निगम। फाइल फोटो

HighLights

  1. निजी सफाई एजेंसियों पर नगर निगम करेगा कार्रवाई।

  2. सफाईकर्मियों के ईपीएफ और अन्य बकाया का भुगतान नहीं।

  3. बकाया न चुकाने पर सिक्योरिटी डिपाजिट होगी जब्त।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। सफाईकर्मियों के ईपीएफ और अन्य बकाया का भुगतान नहीं करने वाली निजी सफाई एजेंसियों पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। बकाया भुगतान नहीं होने पर एजेंसियों की सिक्योरिटी डिपाजिट राशि जब्त की जाएगी।

नगर आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को लोक स्वच्छता पदाधिकारी शशि भूषण सिंह ने दोनों निजी सफाई एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक कर यह स्पष्ट निर्देश दिया।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सफाईकर्मियों की संख्या, उपलब्ध मानव बल और एजेंसियों के संसाधनों की समीक्षा की गई। लोक स्वच्छता पदाधिकारी ने एजेंसियों को सफाईकर्मियों के ईपीएफ समेत सभी बकाया का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि बकाया का भुगतान नहीं करने पर सिक्योरिटी डिपाजिट जब्त करने के साथ कर्मचारियों के वेतन या अन्य मद में अब तक की गई कटौती की राशि से उनके बकाया का भुगतान कराने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सफाई कार्य के लिए उपलब्ध मानव बल और संसाधनों की भी पड़ताल की गई। एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्य कराने और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईपीएफ और बकाया भुगतान के मामले में अब एजेंसियों को और लापरवाही की छूट नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- जान हथेली पर, मकसद सिर्फ एक सीट! जमालपुर जंक्शन पर ट्रैक पर उतर रहे मुसाफिर; 7 बोगियों वाली ट्रेन में मारामारी