भागलपुर सेंट्रल जेल में DM-SSP की मिडनाइट RAID: 3 घंटे तक मचा हड़कंप, वार्ड से लेकर बाथरूम तक ली तलाशी
भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक प्रभारी डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में तीन घंटे सघन छापेमारी की गई।

भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में देर रात छापामारी, तीन घंटे चली सघन तलाशी (जागरण फोटो)
HighLights
भागलपुर केंद्रीय कारा में देर रात तीन घंटे सघन छापेमारी।
प्रभारी डीएम और एसएसपी के संयुक्त नेतृत्व में चला अभियान।
कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, सुरक्षा व्यवस्था हुई पुख्ता।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पुलिस और जिला प्रशासन ने गुरुवार की देर रात रात्रि 12:00 बजे से शुक्रवार की सुबह तीन बजे तक विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर में सघन औचक छापामारी अभियान चलाया। छापामारी अभियान प्रभारी डीएम और एसएसपी के संयुक्त नेतृत्व में चला।
इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, सिटी एसपी अतुलेश झा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अन्य वरीय पदाधिकारी और पुलिसकर्मी ने जेल के सभी बंदी वार्ड, अस्पताल, भंडार गृह, स्नानागार आदि खंगाल डाला।

हालांकि कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, लेकिन हड़कंप की स्थिति जेल के अंदर बनी रही। छापामारी का मुख्य उद्देश्य कारा के अंदर किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों की संभावना को समाप्त करना था।
साथ ही प्रतिबंधित एवं अवैध सामग्रियों के प्रवेश, भंडारण एवं उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना और कारा की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना था। इस दौरान कारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली गई।

कारा परिसर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी पहलुओं का जायजा लिया गया। प्रभारी डीएम और एसएसपी ने कहा कि कारा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता एवं गंभीरता बरती जा रही है।
इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं विशेष छापामारी अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कारा के अंदर से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों का संचालन न हो तथा कारा परिसर में प्रतिबंधित वस्तुओं के उपयोग की कोई गुंजाइश न रहे।
एसएसपी ने कहा है कि वह अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है।