विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लड़ते-लड़ते गहरे कुएं में गिरे दो सांड; भागलपुर में लोगों ने दिखाई हिम्मत, 4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, MLA भी पहुंचे

Published: Sun, 27 Sep 2026 02:31 PM (IST)

पीरपैंती के लक्ष्मीपुर गांव में लड़ते हुए दो सांड गहरे कुएं में गिर गए, जिसके बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. लक्ष्मीपुर गांव में लड़ते हुए दो सांड गहरे कुएं में गिरे।

  2. ग्रामीणों और प्रशासन ने 4 घंटे में सांडों को सुरक्षित बचाया।

  3. विधायक ने खुले कुओं की मरम्मत और मुंडेर ऊंची करने के निर्देश दिए।

संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बगीचे में आपस में लड़ रहे दो भारी-भरकम सांड अचानक खुले और गहरे कुएं में जा गिरे। कुएं की गहराई अधिक होने के कारण दोनों सांड पानी और कीचड़ के बीच फंस गए। इस अप्रत्याशित हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीरपैंती थाना पुलिस, प्रखंड और अंचल प्रशासन को अवगत कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक मुरारी पासवान, अंचलाधिकारी (सीओ) चंद्रशेखर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिमन्यु कुमार और थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही वन विभाग, पशुपालन विभाग और अग्निशमन दल को भी राहत कार्य के लिए अलर्ट किया गया। राहत कार्य में तकनीकी मदद के लिए अदाणी पावर के कर्मी हाइड्रा क्रेन लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।

जांबाज ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत, कुएं में उतरकर बांधे रस्से

कुआं संकरा और गहरा होने के कारण मशीनों के सीधे इस्तेमाल में सांडों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ था। ऐसे में ग्रामीणों ने अद्वितीय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। लक्ष्मीपुर निवासी बुजुर्ग सियाराम पांडेय, मोहन पांडेय, उत्तम यादव, मो. नकी और सुभाष गोंड ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं के भीतर उतरने का फैसला किया।

`Bhagalpur Bulls Rescued from Deep Well After 4 Hour Operation

पीरपैंती सांड रेस्क्यू ऑपरेशन

  • घटनास्थल: लक्ष्मीपुर गांव स्थित बगीचे का गहरा कुआं, प्रखंड- पीरपैंती, जिला- भागलपुर।

  • घटना: आपसी लड़ाई के दौरान दो सांडों का कुएं में गिरना।

  • रेस्क्यू की अवधि: लगभग 4 घंटे।

  • साहस दिखाने वाले ग्रामीण: सियाराम पांडेय (वृद्ध), मोहन पांडेय, उत्तम यादव, मो. नकी और सुभाष गोंड।

  • उपस्थित अधिकारी व जनप्रतिनिधि: विधायक मुरारी पासवान, सीओ चंद्रशेखर कुमार, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत, वन व अग्निशमन विभाग, अदाणी पावर की हाइड्रा टीम।

  • निर्देश: भविष्य में दुर्घटना रोकने के लिए खुले कुएं की मरम्मत और मुंडेर (दीवार) को ऊंचा कराने का आदेश।

इन ग्रामीणों ने नीचे उतरकर अत्यंत सावधानी के साथ दोनों उत्तेजित सांडों को मजबूत रस्सियों के सहारे सुरक्षित तरीके से बांधा। इसके बाद कुएं की मुंडेर पर जुटे लक्ष्मीपुर, राजगंज और आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों ने एक साथ जोर लगाकर रस्सियों को ऊपर खींचना शुरू किया।

Bhagalpur Monsoon Withdrawal by Sept 30 Light Rain Today (2)

4 घंटे की मशक्कत के बाद मिली कामयाबी, सुरक्षित भागे सांड

करीब चार घंटे तक चले इस कठिन और सांसें थाम देने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों सांडों को एक-एक कर सुरक्षित कुएं से बाहर खींच लिया गया। कुएं से बाहर आते ही राहत की सांस लेते हुए दोनों सांड पास के जंगलों की ओर सुरक्षित भाग गए। ग्रामीणों की इस मानवीय पहल, एकजुटता और बहादुरी की अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

विधायक ने दिए कुएं की मुंडेर ऊंची कराने के निर्देश

रेस्क्यू के बाद विधायक मुरारी पासवान ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ऐसे तमाम पुराने व खुले कुओं को चिन्हित किया जाए। उन्होंने इस कुएं की तत्काल मरम्मत कराने और इसकी चारों तरफ की दीवार (मुंडेर) को पर्याप्त रूप से ऊंचा कराने का आदेश दिया, ताकि भविष्य में कोई पशु या राहगीर इस तरह के जानलेवा हादसे का शिकार न बन सके।

यह भी पढ़ें- मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन की खौफनाक तस्वीर : ब्रिज की दीवार तोड़ हवा में झूल गया हाइवा; वजन थोड़ा भी आगे झुकता तो...