विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन की खौफनाक तस्वीर : ब्रिज की दीवार तोड़ हवा में झूल गया हाइवा; वजन थोड़ा भी आगे झुकता तो...

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:55 AM (IST)

Bhagalpur Fourlane Bridge Hywa Hanging Accident: मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर गुरुवार सुबह एक गिट्टी लदा हाइवा पुल की दीवार तोड़कर हवा ...और पढ़ें

HighLights

  1. हाइवा पुल की दीवार तोड़कर हवा में लटक गया।

  2. गिट्टी लदे वाहन के संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ।

  3. चालक-खलासी चमत्कारिक रूप से बचे, बड़ा हादसा टल गया।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। Bhagalpur Fourlane Bridge Hywa Hanging Accident: मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर गुरुवार की सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर बाबा चौक के पास गिट्टी से लदा एक भारी हाइवा ओवरब्रिज की मजबूत कंक्रीट दीवार को तोड़ते हुए कई फीट हवा में नीचे लटक गया।

नीचे से गाड़ियां सामान्य रूप से गुजर रही थीं और ऊपर पुल से हाइवा का भारी-भरकम केबिन और अगला पहिया बिल्कुल कगार पर झूल रहा था। गनीमत रही कि हाइवा का संतुलन पूरी तरह नहीं बिगड़ा और वह नीचे नहीं गिरा, जिससे एक बहुत बड़ा जानलेवा हादसा होते-होते टल गया।

घटना गुरुवार सुबह करीब पांच बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिट्टी लदा हाइवा फोरलेन से तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से अचानक एक दूसरा वाहन आ गया। सीधी टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने तेजी से गाड़ी को किनारे की तरफ मोड़ा, लेकिन भारी लोड के कारण हाइवा पूरी तरह अनियंत्रित होकर सीधे ब्रिज की मजबूत आरसीसी दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रिज की रेलिंग टूटकर चकनाचूर हो गई और हाइवा का अगला हिस्सा पुल से बाहर हवा में लटक गया।

तस्वीर बयां कर रही खौफनाक मंजर

हादसे के बाद सामने आई तस्वीर इस दुर्घटना की भयावहता को साफ बयां कर रही है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि हाइवा की आधी बॉडी हवा में अधर में लटकी हुई है और उसका पहिया कंक्रीट स्लैब पर टिका हुआ है। नीचे की सड़क पर टूटी दीवार का भारी मलबा बिखरा पड़ा था, जिसके बगल से सफेद रंग की कार और अन्य वाहन सावधानीपूर्वक निकलते दिखे। 

Bhagalpur Hywa Truck Hangs from Munger Mirzachowki Bridge

नीचे मलबे के बीच से निकली कारें

यदि हाइवा का संतुलन जरा सा भी और बिगड़ता और वह गिट्टी सहित नीचे सड़क पर गिरता, तो नीचे से गुजर रहे वाहन और राहगीर सीधे उसकी चपेट में आ जाते। वहीं हाइवा के अंदर मौजूद चालक और खलासी ने चमत्कारिक रूप से मौत के मुंह से निकलकर किसी तरह केबिन का दरवाजा खोला और सुरक्षित बाहर आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों घटना के कुछ ही देर बाद बदहवास हालत में वहां से निकल गए।

पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा

सुबह टहलने निकले लोगों ने जब ब्रिज की दीवार तोड़कर हवा में लटके हाइवा को देखा तो हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी। सूचना पर डायल 112 की एएसआई बिजेंद्र पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। 

नीचे सड़क पर गिरा मलबा हटाया

पुलिस ने सबसे पहले नीचे की सड़क पर गिरे मलबे को किनारे करवाकर आवागमन को सुरक्षित किया, ताकि नीचे से गुजर रहे राहगीरों पर कोई पत्थर या कंक्रीट न गिरे। इसके बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब भारी क्रेन मंगाकर हवा में लटके हाइवा को सुरक्षित बाहर खींचने की कवायद में जुटी है और वाहन के निबंधन संख्या के आधार पर उसके मालिक व चालक का पता लगाया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें- बेली ब्रिज हटाने आज भागलपुर पहुंचेगी BRO की 80 सदस्यीय टीम; ठहरने, इलाज, सुरक्षा और SDRF बोट की मांगी व्यवस्था