विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM नरेन्‍द्र मोदी पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर भागलपुर में आक्रोश; BJP MLA रोहित पांडेय और नेताओं का तीखा हमला

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:46 AM (IST)

BJP Attacks Mallikarjun Kharge: भागलपुर में भाजपा नेताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री मोदी और उनके दिवंगत पिता पर दिए ...और पढ़ें

BJP Attacks Mallikarjun Kharge: पीएम मोदी पर खरगे की टिप्पणी से सियासी घमासान! भागलपुर में भाजपा बोली- हताश कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन

BJP Attacks Mallikarjun Kharge: पीएम मोदी पर खरगे की टिप्पणी से सियासी घमासान! भागलपुर में भाजपा बोली- हताश कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन

HighLights

  1. खरगे के बयान पर भागलपुर में भाजपा का आक्रोश।

  2. पीएम मोदी के दिवंगत पिता का अपमान अस्वीकार्य।

  3. कांग्रेस से विवादित बयान पर सार्वजनिक माफी की मांग।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। BJP Attacks Mallikarjun Kharge: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में दिए गए विवादित बयान पर भागलपुर में राजनीतिक उबाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं ने खरगे के बयान को देश की लोकतांत्रिक मर्यादा और 145 करोड़ भारतीयों की आस्था पर सीधा हमला बताते हुए कांग्रेस से पूरे देश के सामने बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।

पीएम के दिवंगत पिता का अपमान देश स्वीकार नहीं करेगा: रोहित पांडेय

भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान पूरे राष्ट्र को लज्जित और अपमानित करने वाला है। उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नरेंद्र मोदी को प्रचंड बहुमत देकर देश का प्रधानमंत्री चुना है। प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को राजनीति की गंदी बहसों में घसीटना घोर अशोभनीय है, जिसे देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

रोहित पांडेय ने कहा कि केंद्र की कांग्रेस और विपक्षी सरकारों ने अपने शासनकाल में देश को केवल अराजकता और घोटालों की गर्त में धकेला, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूलमंत्र के साथ निस्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा कर रहे हैं। आज विश्व पटल पर भारत की साख ऐतिहासिक ऊंचाई पर है। हताश विपक्ष सत्ता हासिल करने के लिए हर प्रकार की ओछी हरकतों और व्यक्तिगत आक्षेपों पर उतर आया है, लेकिन सजग जनता भली-भांति जानती है कि देश की बागडोर किसके सुरक्षित हाथों में है।

पीरपैंती विधायक समेत भाजपा नेताओं ने की तीखी निंदा

उधर, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, पवन मिश्रा, दिलीप निराला, अभिनव सिंह, ओम भास्कर और योगेश पांडेय आदि ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विवादित बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा जल्द ही विस्तृत रणनीति तैयार कर जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस तथा विपक्षी दलों की सत्ता पाने की इस घटिया सोच और ओछी मानसिकता को उजागर करेगी। नेताओं ने दो टूक कहा कि केवल सत्ता हासिल करने के लिए विपक्षी नेता हताशा में आकर लगातार अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं, जिसका लोकतांत्रिक जवाब जनता उन्हें समय आने पर जरूर देगी।

हताशा में राजनीतिक शिष्टाचार भूली कांग्रेस: डॉ. प्रीति शेखर

भाजपा की ब‍िहार प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जनाधार खो चुकी कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अब भाषाई नियंत्रण पूरी तरह खो चुका है। देश के लोकप्रिय और निर्वाचित प्रधानमंत्री के प्रति ऐसी संस्कारहीन शब्दावली का प्रयोग यह दर्शाता है कि कांग्रेस वैचारिक और नैतिक रूप से दिवालिया हो चुकी है।

डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि भारतीय राजनीति और समाज में दिवंगत पूर्वजों के प्रति हमेशा से गहरा सम्मान रहा है, किंतु कांग्रेस अपनी कुंठा में मर्यादा की हर लक्ष्मण रेखा को पार कर रही है। देश की मातृशक्ति और आम नागरिक कांग्रेस की इस स्तरहीन राजनीति को देख रहे हैं और आने वाले चुनावों में इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।

सड़कछाप भाषा 'राहुल-कांग्रेस' की असलियत: प्राणिक वाजपेयी

भागलपुर विधानसभा के भाजपा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी ने तीखा वार करते हुए कहा कि राजनीतिक पतन और वजूद मिटने की कगार पर खड़ी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सड़कछाप भाषा का इस्तेमाल करना वास्तव में 'राहुल-कांग्रेस' के असली चरित्र को बेनकाब करता है। भारतीय राजनीति में अपशब्दों का पर्याय बन चुकी पार्टी के मुखिया द्वारा विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के स्वर्गीय पिता पर अमर्यादित टिप्पणी करना अक्षम्य और घोर निंदनीय है। यह कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा और मानसिक पराजय का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

अहंकार नहीं, लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि: प्रकाश कुमार

भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार ने कहा कि दशकों तक देश की सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस पार्टी आज भी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत दुर्भावना और कटुता में बदलती दिखाई देती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की इस अमर्यादित हरकत पर संज्ञान लेते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए और समूचे देश से क्षमा याचना करनी चाहिए। प्रकाश कुमार ने चेताया कि लोकतंत्र में किसी दल का अहंकार नहीं, बल्कि जनता द्वारा दिया गया जनादेश सर्वोपरि होता है; कांग्रेस की इस अपमानजनक राजनीति का न्याय जनता की अदालत में तय होगा।

यह भी पढ़ें- डॉ. हेडगेवार को समझने आइए भागलपुर के टाउन हॉल! महानाट्य का होगा मंचन; स्वामी आगमानंद व ब‍िहार के दो मंत्री भी आएंगे