विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में BJP नेता मर्डर की सिलसिलेवार कहानी: रिमांड पर शशि मोदी, कृष्णा व सुमन से पुलिस ने की सख्ती, खुले कई राज

Published: Thu, 24 Sep 2026 05:59 AM (IST)

Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड में पुलिस रिमांड पर लिए गए ...और पढ़ें

Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: शशि मोदी के सामने बैठाकर शूटर भांजे से 6 घंटे पूछताछ

Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: शशि मोदी के सामने बैठाकर शूटर भांजे से 6 घंटे पूछताछ

HighLights

  1. पूर्व पार्षद शशि मोदी ने हत्या की साजिश रची थी।

  2. 3 लाख रुपये की सुपारी मुंगेर के शूटर को दी गई।

  3. राजनीतिक और निजी रंजिश हत्या का मुख्य कारण बनी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्रीनारायण साह मंडल के मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस की सघन जांच में बेहद अहम और सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।

मामले में नामजद शूटर कृष्णा मोदी उर्फ किशन मोदी और लाइनर की भूमिका निभाने वाले सुमन कुमार को छह घंटे तथा मुख्य आरोपित पूर्व पार्षद शशि मोदी को चार घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ की गई। बुधवार को बबरगंज थाने की पुलिस तीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच थाने लेकर पहुंची थी।

पुलिस अधिकारियों ने पहले तीनों को अलग-अलग कमरों में बैठाकर पूछताछ की और फिर मुख्य आरोपित पूर्व पार्षद शशि मोदी के सामने उसके भांजे शूटर कृष्णा और लाइनर सुमन कुमार को आमने-सामने बैठाकर क्रॉस एग्जामिनेशन किया गया। पुलिसिया पूछताछ के चक्रव्यूह में तीनों आरोपित टूट गए और उन्होंने हत्या की साजिश रचने से लेकर तीन लाख रुपये की सुपारी देने और शूटरों को पनाह दिलाने की पूरी सच्चाई स्वीकार कर ली।

3 लाख की सुपारी और कुतुबगंज में शूटरों को पनाह

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने स्वीकार किया कि राजनीतिक व निजी रंजिश के चलते उमा भूषण तांती की हत्या की रूपरेखा तैयार की गई थी। इसके लिए तीन लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। लाइनर सुमन कुमार की मदद से मुंगेर के शूटर अक्षय यादव उर्फ नरेश उर्फ नीतीश को हत्या की सुपारी देकर राजी किया गया था।

हत्या की वारदात को अंजाम देने से ठीक एक दिन पहले 10 सितंबर को सभी शूटरों को बबरगंज के कुतुबगंज कुम्हार टोली में एक सुरक्षित ठिकाने पर छिपा कर रखा गया था। इस खूनी साजिश को अमलीजामा पहनाने में शशि मोदी ने अपने भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन, अपने मौसेरे साढ़ू (मुंगेर जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरईचक पाटम निवासी) अमित राज, सहयोगी (मोजाहिदपुर के सिकंदरपुर हाफिज हुसैन लेन निवासी) सूरज कुमार और गुड़हट्टा चौक निवासी लवीस आनंद की मदद ली थी।

मामा ने रची थी साजिश, भांजे ने किया पूरा कबूलनामा

सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार ने बताया कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत तीनों आरोपितों को बुधवार को रिमांड पर लाकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान शूटर कृष्णा ने विस्तार से बताया कि कैसे उसके मामा शशि मोदी ने हत्या की योजना बनाई थी। तीनों ने अपनी संलिप्तता पूरी तरह स्वीकार कर ली है।

सुमन ने घटना के दिन लाइनर का काम किया था और उसी ने पीड़ित की पल-पल की लोकेशन शूटरों को दी थी। इसके बाद मुंगेर निवासी शूटर अक्षय यादव और भांजे कृष्णा ने मिलकर 11 सितंबर को भाजपा नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

कोर्ट के आदेश पर रिमांड, पूछताछ के बाद वापस जेल भेजे गए

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को प्रथम श्रेणी की न्यायिक दंडाधिकारी सद्दाफ मुस्तफा की अदालत ने पुलिस की रिमांड अर्जी स्वीकारते हुए आरोपितों से पूछताछ की अनुमति दी थी। बुधवार को पूछताछ की प्रक्रिया पूरी करने और स्वीकारोक्ति बयान दर्ज करने के बाद देर शाम तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें पुन: न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हत्याकांड का पुलिस रिमांड चक्र: मुख्य तथ्य

  • मृतक: उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (भाजपा श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष)।

  • वारदात की तारीख व स्थान: 11 सितंबर, बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज कुम्हार टोली के पास।

  • रिमांड पूछताछ: शूटर कृष्णा मोदी उर्फ किशन व लाइनर सुमन कुमार (6 घंटे), पूर्व पार्षद शशि मोदी (4 घंटे)।

  • सुपारी की रकम: ₹3 लाख (मुंगेर के शूटर अक्षय यादव उर्फ नरेश उर्फ नीतीश को दी गई थी सुपारी)।

  • साजिश में शामिल अन्य सहयोगी: अमित राज (मौसेरा साढ़ू, नया रामनगर, मुंगेर), सूरज कुमार (सिकंदरपुर) और लवीस आनंद (गुड़हट्टा चौक)।

विदित हो कि 11 सितंबर को हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले वार्ड 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को साजिश रचने और धमकी देने के आरोप में जेल भेजा था। पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर पार्षद पति शशि मोदी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था।

बाद में एसआईटी ने मुंगेर से शूटर अक्षय यादव, कुतुबगंज से लाइनर सुमन कुमार और अन्य सहयोगियों को दबोचा, जिसके बाद शूटर कृष्णा ने भी अदालत में सरेंडर कर दिया था। अब तीनों के आमने-सामने कबूलनामे के बाद पुलिस केस डायरी को मजबूत कर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में 10 घंटे पूछताछ के बाद शशि मोदी ने कबूला जुर्म; 3 लाख में भाजपा नेता का मर्डर, भांजे-साढ़ू का लिया था साथ