भागलपुर में 10 घंटे पूछताछ के बाद शशि मोदी ने कबूला जुर्म; 3 लाख में भाजपा नेता का मर्डर, भांजे-साढ़ू का लिया था साथ
Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी ...और पढ़ें

Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: 10 घंटे के रिमांड पर पूर्व पार्षद शशि मोदी ने कबूला जुर्म; 3 लाख में तय हुई थी भाजपा नेता की सुपारी, कोर्ट में पेशी के बाद फिर जेल
HighLights
शशि मोदी ने भाजपा नेता उमा भूषण तांती की हत्या कबूली।
जमीन विवाद और रंजिश में 3 लाख की सुपारी दी थी।
मुंगेर के शूटर अक्षय यादव को सुपारी दी गई थी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Uma Bhushan Tanti Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जेल से 10 घंटे की पुलिस रिमांड पर लाए गए मुख्य नामजद अभियुक्त सह पूर्व वार्ड पार्षद शशि मोदी ने पुलिस की कड़ी पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने स्वीकार किया कि जमीन विवाद और आपसी रंजिश के चलते उसने तीन लाख रुपये की सुपारी देकर लाइनर सुमन कुमार के जरिए मुंगेर के कुख्यात शूटर अक्षय यादव उर्फ नरेश उर्फ नीतीश को हत्या की सुपारी दी थी।
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने शनिवार को शशि मोदी से कई चक्रों में पूछताछ की। पूछताछ की अवधि समाप्त होने के बाद शनिवार की देर रात बबरगंज थाना पुलिस ने उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुनः न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा भेज दिया गया।
3 दिन की मांगी थी रिमांड, कोर्ट ने दी 10 घंटे की अनुमति
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े कई अहम कड़ियों और साक्ष्यों को जोड़ने के लिए जेल में बंद शशि मोदी की तीन दिनों की पुलिस रिमांड अदालत से मांगी गई थी। हालांकि, न्यायालय ने 10 घंटे की अवधि स्वीकृत की थी। शनिवार सुबह रिमांड पर लेते ही पुलिस टीम ने कुतुबगंज, कुम्हार टोली और हत्याकांड के दिन 11 सितंबर 2026 को हुई गतिविधियों को लेकर शशि मोदी से बिंदुवार सवाल-जवाब किए।
भाजपा श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती मर्डर केस में रिमांड पर आए मुख्य साजिशकर्ता पूर्व पार्षद शशि मोदी ने स्वीकारा जुर्म
पुलिसिया पूछताछ में कबूला- सुमन कुमार के माध्यम से मुंगेर के शूटर अक्षय यादव को दी गई थी तीन लाख रुपये की सुपारी
भांजे किशन, मौसेरे साढ़ू अमित राज व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर रची थी हत्या की पूरी साजिश; 10 सितंबर की रात कुतुबगंज में रुके थे शूटर
सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार के नेतृत्व में 10 घंटे तक चली सघन पूछताछ; शनिवार देर रात कोर्ट में पेशी के उपरांत फिर भेजा गया जेल
पूछताछ में शशि मोदी टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि हत्या को अंजाम देने के लिए उसने अपने भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन, मुंगेर जिले के नया रामनगर (बरईचक पाटम) निवासी अपने मौसेरे साढ़ू अमित राज, मोजाहिदपुर के सिकंदरपुर हाफिज हुसैन लेन निवासी सूरज कुमार और गुड़हट्टा चौक निवासी लवीस आनंद को साजिश में शामिल किया था।
10 सितंबर की रात एक ही ठिकाने पर रुके थे शूटर, सुबह की हत्या
पूछताछ में यह बात भी पुख्ता हुई कि लाइनर सुमन कुमार ने मोबाइल के जरिए शूटर अक्षय यादव को वारदात से ठीक एक दिन पहले यानी 10 सितंबर को ही कुतुबगंज स्थित ठिकाने पर बुला लिया था। उस रात शूटर अक्षय, नामजद शूटर किशन और लाइनर सुमन एक ही स्थान पर ठहरे थे और उन्हें भाजपा नेता के आने-जाने के रास्तों और सटीक समय की मुकम्मल रेकी कराई गई थी।
अगली सुबह 11 सितंबर को करीब 10 बजे जैसे ही उमा भूषण तांती बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज कुम्हार टोली के पास पहुंचे, पूर्व नियोजित साजिश के तहत घात लगाए शूटरों ने उन्हें गोलियों से भून दिया था।
अन्य तीन आरोपितों को भी रिमांड पर लेने की तैयारी
मालूम हो कि वारदात के बाद पुलिस ने सबसे पहले साजिश में शामिल होने और पूर्व में धमकी देने के आरोप में वर्तमान वार्ड 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद पुलिसिया दबाव के कारण पार्षद पति शशि मोदी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। एसआईटी ने शशि के मौसेरे साढ़ू समेत तीन सहयोगियों को दबोचा था।
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मुंगेर से शूटर अक्षय यादव और कुतुबगंज से लाइनर सुमन को गिरफ्तार किया, जिसके तुरंत बाद नामजद शूटर कृष्णा मोदी उर्फ किशन ने भी अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड के साक्ष्यों को और मजबूत करने के लिए जेल में बंद अन्य तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को भी पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की अर्जी जल्द अदालत में दाखिल की जाएगी।
