रेल कर्मचारी सन्नी हत्याकांड भागलपुर : सात फेरे के अटूट बंधन में छिपी थी कत्ल की बुनियाद
सन्नी को पता भी नहीं होगा कि जिसके साथ सात फेरे लिए वही अपने प्रेमी संग मिटाने की साजिश रच रही थी। 22 दिसंबर की रात सुल्तानगंज से रेल कर्मचारी सन्नी कुमर मिश्र का अपहरण हुआ था। उसकी हत्या खगड़िया के परबत्ता में कर दी गई थी।
भागलपुर [कौशल किशोर मिश्र]। कहते हैं कातिल लाख होशियारी करे। साजिश रचने वाले अपने बचाव में लाख जतन करे लेकिन उसकी कोई एक चूक कानून को उसके गिरेबान तक पहुंचा ही देती है। बाथ थाना क्षेत्र के कुमैठा निवासी रेलकर्मी सन्नी कुमार मिश्रा ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिसके साथ सात फेरे ले रहा है वही उसे रास्ते से हटाने का ख्वाब देख रही है। सन्नी की पत्नी प्रीति ने अपने प्रेमी के साथ कत्ल की योजना बनाई। उसके लिए दो लाख रुपये की सुपारी भी दे दी। योजना थी कि रेलकर्मी पति को दुनियां से विदा कर अपने प्रेमी के साथ ही घर बसा लेंगे। इसको लेकर प्रेमी संग हत्या की योजना बनाई। किसी को उसपर शक नहीं हो इसके लिए सुपारी देने वालों को खगडिय़ा जिले में उसकी हत्या कराने की सोची ताकि हत्या में शक की सूई उसकी तरफ नहीं आ सके। तभी तो सुपारी लिए बदमाशों ने सुल्तानगंज से सन्नी को बोलेरो से उठा लिया था। हथियार के बूते उसे अगवा कर नशीला पेय पदार्थ पिला खगडिय़ा लेते चले गए।
वहीं उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया था। 23 दिसंबर 2020 को रेलकर्मी सन्नी का शव बरामद किया गया था। इधर घर वाले परेशान। पत्नी भी पति की मौत पर नाटकीय अंदाज दिखाते हुए फफक कर रोने का स्वांग रचा। चूडिय़ां तोड़ दी, मांग से सिंदूर धो डाले। सारे रिश्ते-नाते को रो-रोकर पति की मौत पर आंसू बहाया लेकिन समाज, पुलिस और रिश्तेदारों को उसका रोना धीरे-धीरे बनावटी लगने लगा। पुलिस पत्नी के मायके, रिश्तेदार और उन रिश्तेदारों से अपराधियों के रिश्ते की तकनीकी निगरानी कर रही थी। नतीजा चंद दिनों में पुलिस को सुराग हाथ लगे। खगडिय़ा एसपी अमितेश कुमार ने उसकी बाकायदा निगरानी कराते हुए साक्ष्य जुटाने का निर्देश दिया तो पत्नी की कुटिल चाल का राज खुल गया। पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ हत्या की साजिश रची थी।
हत्या बाद अलग दुनियां बसाने का भी ख्वाब सोच रखा था। पति के मरने के बाद उसे रेलवे में नौकरी मिलती और फिर प्रेमी संग अपनी अलग दुनियां बसा लेती। पुलिस की सक्रियता से कुणाल कन्हैया नामक अपराधी गिरफ्तार कर लिया गया। उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उसने कबूल किया कि हत्या के लिए दो लाख की सुपारी सन्नी की पत्नी प्रीति ने दी थी। छोटू के प्रीति से रिश्ते, केशव कुमार सिंह उर्फ सिक्सर, राहुल आदि की भूमिका उजागर कर दी।