आप बिना टिकट यात्रा करते हैं... यह अच्छी बात नहीं है! भागलपुर-बांका रूट की ट्रेनों में अचानक घुसी TTE व RPF
Bhagalpur Banka Rail Ticket Checking: भागलपुर-बांका रेलखंड पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान में 242 यात्री बिना टिकट पकड़े गए, जिनसे 2.11 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। मालदा रेल मंडल द्वारा राजस्व हानि रोकने और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Bhagalpur Banka Rail Ticket Checking: भागलपुर-बांका रेलखंड पर आधा दर्जन ट्रेनों में मेगा टिकट चेकिंग, 242 बेटिकट यात्री धराए; 2.11 लाख जुर्माना वसूला
HighLights
भागलपुर-बांका रेलखंड पर चला विशेष टिकट चेकिंग अभियान।
242 बेटिकट यात्रियों से 2.11 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
रेलवे राजस्व हानि रोकने को अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Banka Rail Ticket Checking: पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत भागलपुर-बाराहाट-बांका रेलखंड पर रविवार को बेटिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कार्तिक सिंह की सीधी निगरानी में चलाए गए इस अचानक जांच अभियान से पूरे रेलखंड में अवैध रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों में भारी हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) रवि कुमार के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के संयुक्त दस्ते ने आधा दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और पैसेंजर (लोकल) ट्रेनों की घेराबंदी कर एक-एक बोगी की बारीकी से जांच की।
इस सघन छापेमारी के दौरान दस्ते ने ट्रेन संख्या 13032 जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस, 13016 जमालपुर–हावड़ा कविगुरु एक्सप्रेस, 13241 बांका–राजेंद्र नगर टर्मिनल एक्सप्रेस के अलावा स्थानीय रूट की पैसेंजर ट्रेनों 73449 बांका–भागलपुर डेमू और 73402 भागलपुर–गोड्डा डेमू सहित कई गाड़ियों को अलग-अलग स्टेशनों व हॉल्टों पर रोककर सघन जांच की।
242 यात्री बिना टिकट यात्रा करते धराए, लाखों का जुर्माना
अधिकारियों के अनुसार, ट्रेनों में जांच दल के दाखिल होते ही बेटिकट यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री शौचालय और बोगियों के कोनों में छिपने का प्रयास करते दिखे, लेकिन मुस्तैद आरपीएफ जवानों और टिकट जांच कर्मियों ने किसी को मौका नहीं दिया।
भागलपुर-बाराहाट-बांका रेलखंड पर आधा दर्जन से अधिक एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान
जयनगर-हावड़ा, कविगुरु, बांका-राजेंद्र नगर और गोड्डा डेमू समेत कई प्रमुख ट्रेनों में जांच से मचा हड़कंप
जांच के दौरान 242 बेटिकट व अनियमित यात्रा करते पकड़े गए यात्री, मौके पर 2 लाख 11 हजार 380 रुपये जुर्माना वसूला
सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह के निर्देश पर एसीएम रवि कुमार के नेतृत्व में टीटीई और आरपीएफ जवानों ने की संयुक्त छापेमारी
अभियान के दौरान कुल 242 ऐसे यात्री पकड़े गए जो या तो बिना किसी वैध टिकट के यात्रा कर रहे थे अथवा अनियमित श्रेणी का टिकट लेकर आरक्षित डिब्बों में सवार थे। जांच दल ने रेलवे अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सभी 242 यात्रियों से मौके पर ही कुल 2 लाख 11 हजार 380 रुपये का जुर्माना वसूल कर सरकारी खाते में जमा कराया।
बेटिकट यात्रा पर पूर्ण अंकुश की तैयारी, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के औचक और सख्त चेकिंग अभियानों का मुख्य उद्देश्य रेल राजस्व के नुकसान को रोकना, ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह लगाम लगाना और नियम सम्मत यात्रा सुनिश्चित कराना है। पैसेंजर ट्रेनों और एक्सप्रेस के साधारण डिब्बों में अनाधिकृत भीड़ के कारण वैध टिकट धारकों को होने वाली असुविधा से निपटने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है।
मालदा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि मंडल क्षेत्र में रेल राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों की सुचारू व सुरक्षित यात्रा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि भागलपुर, बांका, साहिबगंज और जमालपुर रेलखंड पर आगामी दिनों में भी इस तरह के औचक सघन टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि बेटिकट यात्रियों पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।