विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में चार महीने में दो थानेदार पर गिरी गाज, थाना क्षेत्र से मवेशी लदा ट्रक भगाने पर ASI सस्पेंड

Published: Fri, 21 Aug 2026 05:42 AM (IST)

भागलपुर के बाईपास थाने में मवेशी लदे वाहन के फरार होने के मामले में एएसआई नीरज कुमार निलंबित किए गए ...और पढ़ें

बाईपास थाने से मवेशी लदा ट्रक भगाने पर एएसआई निलंबित।

बाईपास थाने से मवेशी लदा ट्रक भगाने पर एएसआई निलंबित।

HighLights

  1. मवेशी लदा वाहन थाने से फरार होने पर एएसआई निलंबित।

  2. बाईपास थाने में चार माह में यह तीसरी निलंबन कार्रवाई।

  3. एसएसपी ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बाईपास थाना एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार की वजह से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चार माह के भीतर इस थाने में तैनात तीसरे दारोगा को निलंबित कर दिया गया है।

ताजा मामला मवेशी लदी गाड़ी को थाना परिसर से भगा ले जाने का है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बाईपास थाने में प्रभारी पदाधिकारी के रूप में तैनात सहायक अवर निरीक्षक नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें सामान्य जीवनयापन भत्ता पर रखा गया है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थाना क्षेत्र से मवेशी लदी वाहन गायब

एसएसपी ने कार्रवाई की जानकारी दी है कि 20 अगस्त 2026 की देर शाम बाईपास थाना क्षेत्र में एक मवेशी लदा वाहन रोका गया था। वाहन की निगरानी और कार्रवाई के लिए एएसआई नीरज कुमार मौजूद थे। चौकीदार ने सूचना दी कि पदाधिकारी की लापरवाही अथवा संदिग्ध आचरण के कारण मवेशी लदी वाहन थाना क्षेत्र से फरार हो गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही थानाध्यक्ष विकास कुमार को वाहन की तत्काल बरामदगी का निर्देश दिया। निर्देश पर थानाध्यक्ष ने टीम के साथ पीछा कर सहरसा जिला क्षेत्र से रात लगभग 12 बजे वाहन को बरामद कर लिया। वाहन को विधिवत थाना लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। वाहन में काफी संख्या में मवेशी लदे पाए गए हैं।

चार माह में तीसरी कार्रवाई

बाईपास थाना का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी थाने में तैनात दो थानाध्यक्ष सुमन राय और चन्वीर यादव को ट्रकों से अवैध वसूली के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। अब मवेशी लदा ट्रक भगाने के मामले में प्रभारी एएसआई नीरज कुमार की बारी है।

स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि थाना परिसर या निगरानी से ट्रक का चालक द्वारा गाड़ी लेकर भाग जाना बिना पुलिस की सहमति या मिलीभगत के संभव नहीं है। इससे मवेशी तस्करों के साथ पुलिस गठजोड़ का संदेह गहरा गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, कर्तव्यहीनता अथवा संदिग्ध आचरण को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर दिग्घी हत्याकांड का खुलासा: मुजफ्फरपुर में 5 लाख की सुपारी देकर रची गई थी साजिश, दो शूटर गिरफ्तार