विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार क्रिकेट में भागलपुर और अररिया का जलवा, मुश्ताक अली ट्रॉफी ट्रायल में चुने गए भानु, अररिया के 4 खिलाड़ियों का चयन

Published: Fri, 06 Nov 2026 04:09 PM (IST)

Syed Mushtaq Ali Trophy Selection 2026: भागलपुर के भानु कुमार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल ट्रायल के लिए चुने ...और पढ़ें

Syed Mushtaq Ali Trophy Selection 2026: ब‍िहार क्रिकेट में भागलपुर और अररिया का जलवा!

Syed Mushtaq Ali Trophy Selection 2026: ब‍िहार क्रिकेट में भागलपुर और अररिया का जलवा!

HighLights

  1. भागलपुर के भानु कुमार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ट्रायल में।

  2. अररिया के चार खिलाड़ी बिहार स्टेट क्रिकेट ट्रायल में चयनित।

  3. भागलपुर की तीन महिला तलवारबाज राज्य प्रतियोगिता के लिए चुनी गईं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर/अररिया। Syed Mushtaq Ali Trophy Selection 2026: बिहार क्रिकेट जगत में अंग और सीमांचल क्षेत्र के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल रहा है। भागलपुर के प्रतिभाशाली युवा लेग स्पिनर भानु कुमार को प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल चयन ट्रायल के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

वहीं दूसरी ओर, अररिया जिले के चार होनहार क्रिकेटरों ने बिहार क्रिकेट के स्टेट ट्रायल में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। इन दोनों उपलब्धियों से दोनों जिलों के खेल प्रेमियों, संघ पदाधिकारियों और युवा खिलाड़ियों में भारी उत्साह का माहौल है।

मेहनत के दम पर फाइनल ट्रायल में पहुंचे लेग स्पिनर भानु कुमार

भागलपुर के भानु कुमार अपनी सटीक लेग स्पिन गेंदबाजी के दम पर लगातार घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। उनके निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल चयन ट्रायल के लिए चुना है।

खेल विशेषज्ञों के अनुसार, फाइनल ट्रायल के लिए शॉर्टलिस्ट होना भानु के करियर का अहम पड़ाव है। अब उनके सामने ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन कर बिहार की अंतिम टीम में स्थान पक्का करने की चुनौती होगी। जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए उनकी यह सफलता प्रेरणा का स्रोत बन गई है। भागलपुर के क्र‍िकेट ख‍िलाड़ी अमरदीप शुक्‍ला 'नटवर' ने भानु को बेहतर खेल के ल‍िए बधाई व शुभकामनाएं दी। नटवर ने उम्‍मीद जताया क‍ि भानु ब‍िहार टीम में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

अररिया से चार खिलाड़ियों का स्टेट ट्रायल में चयन, यक्षेंद्र अंडर-16 में

अररिया जिला क्रिकेट संघ और जिला क्रिकेट अकादमी के लिए भी यह एक ऐतिहासिक पल साबित हुआ है। जिले से एक साथ चार खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय ट्रायल के लिए हुआ है। इनमें यक्षेंद्र कुमार का चयन अंडर-16 स्टेट ट्रायल के लिए किया गया है, जबकि मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्टेट ट्रायल के लिए श्रवण कुमार रिशु, उत्तम कुमार और अमन राज का चयन हुआ है।

अमन राज दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। इससे पूर्व भी अररिया के अमन राज और शिवम झा ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी के तहत बिहार अंडर-19 स्टेट क्रिकेट टीम में प्रतिनिधित्व कर अपनी क्षमता सिद्ध की थी।

संघ पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

खिलाड़ियों के चयन पर अररिया जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष प्रवीर कुमार विश्वास, उपाध्यक्ष चांद आज़मी, सचिव राजेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त सचिव मनोज बडेडिया, कोषाध्यक्ष परवेज़ आलम तथा बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व जिला प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, सत्येन शरण, दिलीप कुमार झा, अमित सेनगुप्ता, रविशंकर दास, अश्वनी कुमार, अनामी शंकर एवं तनवीर आलम ने बधाई दी। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी ट्रायल में उम्दा खेल दिखाकर मुख्य टीम में जगह बनाएंगे।

राज्य तलवारबाजी प्रतियोगिता में भागलपुर की तीन खिलाड़ियों का चयन

राजधानी पटना स्थित खेल भवन में आगामी 11 से 13 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली बिहार राज्य तलवारबाजी (फेंसिंग) प्रतियोगिता के लिए भागलपुर की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। भागलपुर तलवारबाजी संघ के महासचिव राजेश कुमार साह ने बताया कि हाल ही में आयोजित जिला चयन ट्रायल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले की आधिकारिक टीम की घोषणा कर दी गई है।

तीन खिलाड़ी चार अलग-अलग स्पर्धाओं में लेंगी भाग

जारी चयन सूची के अनुसार, सब-जूनियर वर्ग में कार्मेल स्कूल की होनहार छात्रा इति स्वरा का चयन इप्पी (Épée) इवेंट के लिए हुआ है। वहीं, जूनियर वर्ग में खेल भवन तलवारबाजी अकादमी की आर्शी आनंद और श्रुति प्रिया सेबर (Sabre) स्पर्धा में अपनी तलवार का हुनर दिखाएंगी।

विशेष रूप से आर्शी आनंद ने अपने असाधारण खेल कौशल के बल पर जूनियर वर्ग के साथ-साथ सीनियर वर्ग के सेबर इवेंट में भी अपनी जगह पक्की की है। इस तरह भागलपुर की तीन महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता की कुल चार स्पर्धाओं में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी।

खेल संघ और विद्यालय परिवार ने दी बधाई

खिलाड़ियों के चयन पर जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, कार्मेल स्कूल की प्राचार्या सिस्टर आशा, मैनेजर सिस्टर सुजाता, उप प्राचार्या सिस्टर जैकलीन, प्रीसका, संघ अध्यक्ष तपन घोष, उपाध्यक्ष पवन पोद्दार, शाहिद रजा जमाल, नंदकिशोर पोद्दार, आशीष सर्राफ, कुमार प्रशांत और एजाज नसीम ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। खेल पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी पटना में शानदार प्रदर्शन कर भागलपुर का नाम रोशन करेंगी।

यह भी पढ़ें- तानों को ताकत बना वुशु में चमकीं भागलपुर की निकिता, 3 नेशनल मेडल जीतकर पाई सरकारी नौकरी; अब भारत के लिए खेलेंगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।