विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में SHO समेत 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड, विक्रमशिला पुल में लापरवाही और अवैध वसूली पर एक्शन

Published: Mon, 15 Jun 2026 03:30 AM (GMT+05:30)

भागलपुर में विक्रमशिला पुल और बाइपास रोड पर लापरवाही व अवैध वसूली के आरोप में 9 पुलिसकर्मी निलंबित किए गए ...और पढ़ें

भागलपुर में 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड। फाइल फोटो

भागलपुर में 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड। फाइल फोटो

HighLights

  1. विक्रमशिला पुल पर लापरवाही के आरोप में 5 पुलिसकर्मी निलंबित।

  2. बाइपास रोड पर अवैध वसूली के आरोप में 4 पुलिसकर्मी निलंबित।

  3. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की सख्त कार्रवाई, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बने अस्थायी बेली ब्रिज और बाइपास रोड पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही तथा अवैध वसूली के आरोपों पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार दो अलग-अलग मामलों में कुल नौ पुलिसकर्मियों और होमगार्ड पर कार्रवाई की गई है। इनमें बाइपास थाना अध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी और विक्रमशिला पुल पर तैनात पांच जवान शामिल हैं।

भारी वाहनों के प्रवेश पर एक्शन

पहला मामला विक्रमशिला पुल के अस्थायी ब्रिज से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से प्रसारित हो रही थी कि वहां गिट्टी और बालू से लदे भारी ट्रकों को चोरी-छिपे पार कराया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच कराई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अस्थायी ब्रिज से भारी ट्रकों का परिचालन नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पुल की चौड़ाई और संरचना इतनी सीमित है कि भारी वाहनों का वहां से गुजरना संभव ही नहीं है। हालांकि, कुछ छोटे मालवाहक वाहन अन्य सामान लेकर वहां से गुजर गए थे, जिसे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही माना गया।

इस मामले में मौके पर तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों और एक होमगार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा कार्य में लगे निजी कर्मियों के खिलाफ भी संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।

बता दें कि विक्रमशिला सेतु होकर शुक्रवार की रात एक 407 मिनी ट्रक के पार होते सोसल मीडिया पर विडियो वायरल हुआ था। इस मामले को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गंभीरता से लिया था और कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

ट्रकों से अवैध वसूली पर नपे 4 पुलिसकर्मी

दूसरा मामला बाइपास रोड से जुड़ा है, जहां 13 और 14 जून की मध्यरात्रि में नगर पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था की जांच की। प्राथमिक जांच में सामने आया कि तीन-चार पुलिसकर्मी और होमगार्ड मिलकर ट्रकों की आवाजाही नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालकों और वाहन मालिकों ने आरोप लगाया कि यातायात नियंत्रण की आड़ में उनसे 200 की अवैध वसूली की जा रही है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने बाइपास थाना अध्यक्ष सहित कुल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि दोनों मामलों की विस्तृत जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि पुल और यातायात व्यवस्था की सुरक्षा को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर किसी भी तरह का नियम-विरुद्ध दबाव न बनाएं। इन कार्रवाइयों को पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का सबसे ज्यादा OBC को मिला लाभ, अब तक 5620.93 करोड़ रुपये का लोन पास

यह भी पढ़ें- खान सर की कोचिंग पर पुलिस ने चिपकाया नोटिस, सबूत छिपाने के आरोप में दर्ज हो सकती है FIR