विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर : 30 मिनट में 370 फीट दीवार ध्वस्त, फायरिंग से दहला फुलकिया आदर्श नगर, कई लोग जख्‍मी

Published: Mon, 02 Feb 2026 01:48 AM (IST)

भागलपुर के घोघा थाना क्षेत्र में देर रात निजी जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। असामाजिक तत्वों ने जेसीबी ...और पढ़ें

भागलपुर के घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर फुलकिया में इसी जगह हुई घटना।

भागलपुर के घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर फुलकिया में इसी जगह हुई घटना।

HighLights

  1. घोघा में निजी जमीन की चाहरदीवारी जेसीबी से तोड़ी गई।

  2. असामाजिक तत्वों ने 17-18 राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई।

  3. विरोध करने पर निजी गार्ड को गोली मारकर घायल किया गया।

संवाद सूत्र, घोघा (भागलपुर)। शनिवार देर रात भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर फुलकिया उस समय दहशत में आ गया, जब गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा। यह घटना निजी जमीन पर बनी चाहरदीवारी तोड़े जाने से जुड़ी है। घटना का समय रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालकिशोर जायसवाल ने अपनी क्रय की गई परती जमीन की घेराबंदी कर ईंट की पक्की चाहरदीवारी का निर्माण कराया था। इस घेराबंदी का कुछ स्थानीय लोगों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था। शनिवार देर रात करीब 30 से 40 असामाजिक तत्व जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और दीवार को जबरन तोड़ना शुरू कर दिया।

आरोप है कि उपद्रवियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से मात्र 30 मिनट के भीतर लगभग 10 फीट ऊंची और 370 फीट लंबी पक्की ईंट की दीवार को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। दीवार तोड़ने के दौरान इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से लगातार फायरिंग की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मौके पर 17 से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं।

घटना के समय जमीन की रखवाली कर रहे निजी गार्ड सहेंद्र मंडल, निवासी इदमादपुर फुलकिया (पिता–महावीर मंडल) ने जब विरोध किया तो उपद्रवियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए गार्ड मौके से भागने लगे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें करीब 50 मीटर तक खदेड़कर गोली मार दी। गोली सहेंद्र मंडल की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

  • घोघा में आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग, जेसीबी से ढहाई गई चाहरदीवारी

  • निजी जमीन विवाद में गोलियों की गूंज, गार्ड को मारी गोली

  • घोघा थाना क्षेत्र में दहशत: दीवार तोड़ने पहुंचे असामाजिक तत्वों ने की अंधाधुंध फायरिंग

  • जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोली लगने से निजी गार्ड घायल

  • आधी रात जेसीबी और गोलियों का तांडव, घोघा में कानून व्यवस्था पर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही घोघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गार्ड को तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक जेसीबी मशीन और उसके चालक को जांच के लिए हिरासत में लिया है। मामले की छानबीन जारी है।

घटना को लेकर भूखंड स्वामी बालकिशोर जायसवाल ने बताया कि चाहरदीवारी तोड़े जाने से उन्हें करीब 15 से 20 लाख रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताया।

इस संबंध में घोघा थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना की पुष्टि हुई है और एक व्यक्ति इलाजरत है। देर शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।