बंगाल DGP ने मांगी मदद, बिहार पुलिस का आधी रात को ऑपरेशन; भागलपुर में बंद मकान से अपहृत कारोबारी बरामद
भागलपुर पुलिस ने बंगाल से अपहृत कारोबारी राजेश सरकार को बाथ थाना क्षेत्र के देवधा गांव से सकुशल बरामद कर लिया है।
-1793765742782_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बंगाल से अपहृत कारोबारी राजेश सरकार भागलपुर से सकुशल बरामद।
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया, हथियार भी मिला।
मामला फेक करेंसी और गोल्ड स्मगलिंग से जुड़ा है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बंगाल से अपहृत कारोबारी राजेश सरकार को भागलपुर की पुलिस टीम ने बाथ थानाक्षेत्र के देवधा गांव से देर रात सकुशल बरामद कर लिया।
उन्हें गांव में बने एक आलीशान मकान में बंद कर रखा गया था। घर के सारे कमरे में ताला लटका हुआ था। चारदीवारी के अंदर सामने वाले बंद कमरे से पुलिस टीम ने ऑपरेशन के दौरान धनबाद के दो, बांका के शंभूगंज के एक और एक मकान के केयर टेकर को हिरासत में ले लिया है।
केयर टेकर जगत मंडल के पास से हथियार भी बरामद किया गया है। बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने चार दिन पूर्व चौबीस परगना इलाके से अपहृत कारोबारी राजेश सरकार की लोकेशन तकनीकी जांच में भागलपुर में होने पर प्रदेश की प्रभारी डीजीपी प्रीता वर्मा से अपहृत के सकुशल बरामदगी को लेकर सहायता मांगी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुलिस टीम को बाथ थानाक्षेत्र के देवधा गांव स्थित लोकेशन वाली जगह पर अपहृत के सकुशल बरामदगी को ऑपरेशन के लिए भेजा।
स्वयं ऑपरेशन की मॉनीटरिंग करते रहे। मंगलवार की देर रात हुए ऑपरेशन में करीब एक घंटे की मशक्कत बाद ऑपरेशन सफल रहा।
देवधा गांव के एक बंद पड़े आलीशान भवन में बाहर के कमरे में बंद कर रखे गए राजेश सरकार को सकुशल बरामद कर लिया गया। बंद पड़े उस आलीशान मकान के केयर टेकर स्थानीय जगत मंडल को भी उसी मकान से हिरासत में पुलिस टीम ने ले लिया है।
उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है। बंद कमरे से धनबाद निवासी अमन कुमार समेत दो और बांका के शंभूगंज निवासी एक आरोपित को हिरासत में पुलिस टीम ने ले लिया है। घटनाक्रम को लेकर पूछताछ बाद पुलिस टीम लगातार छापामारी कर रही है।
मामला फेक करेंसी और गाेल्ड स्मगलिंग से जुड़ा
पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन में अपहृत की बरामदगी और कमरे से धनबाद के अमन कुमार समेत अन्य के हिरासत में लिए जाने के बाद सख्त पूछताछ की जा रही है।
हिरासत में लिए गए धनबाद के अमन का जुड़ाव फेक करेंसी और गोल्ड स्मगलिंग से बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि बांग्लादेश सीमा से फेक करेंसी ये लाते थे। लेनदेन को लेकर हुए विवाद बाद अपहरण किये जाने की बात भी कही जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।