गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चे होंगे लाभान्वित : उपेंद्र कुशवाहा
केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे।
खगड़िया । केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे। किसी भी शैक्षणिक संस्थान के शिक्षक जब तक योग्य नहीं होंगे तब तक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दी जा सकती है। केंद्रीय मंत्री शहर के टाउन हॉल में बुधवार को सम्मान सह मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल होने के बाद उनका एक ही मिशन रहा है कि शिक्षा के स्तर में सुधार लाया जा सके। इसके लिए उन्होंने गांधी मैदान पटना में एक सम्मेलन भी किया था। लोग इस सम्मेलन का दूसरा अर्थ भी लगाने लगे थे। देश स्तर पर शिक्षा में जबरदस्त सुधार हुआ है लेकिन और सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक स्थिति क्या है? इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में शिक्षण का परिणाम प्रारूप बनाया गया है। ऐसे में राज्य सरकार की जबावदेही है कि वो प्रत्येक विद्यालय में शिक्षण का परिणाम लागू करे। समाज निर्माण में जिस व्यक्ति की अहम भूमिका हो उसे सम्मानित किया जाना चाहिए। रालोसपा की ओर से आयोजित समारोह में कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए इससे पार्टी और मजबूत होगी। इसका संदेश सभी जगह जाएगा, जिससे पार्टी को दूसरे जगह भी लाभ मिलेगा। इसके लिए उन्होंने पार्टी की जिला ईकाई को धन्यवाद दिया। सम्मान सह मिलन समारोह की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित कुमार मंटू ने की। वहीं संचालन मधुसूदन महतो ने किया। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता ई. धर्मेंद्र समेत दर्जनों लोग पार्टी में शामिल हुए।