बांका से कटिहार जाने के क्रम में भागलपुर में रुके थे अटल
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भागलपुर सहित पूर्व बिहार से गहरा रिश्ता था।
भागलपुर । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भागलपुर सहित पूर्व बिहार से गहरा रिश्ता था। यही वजह है कि वे बांका में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद वे भागलपुर आए थे और यहां परिसदन में रात्रि विश्राम किए थे। समाजसेवी और आरएसएस के कार्यकर्ता दीपक घोष बताते हैं कि परिसदन में भागलपुर के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। यहां से वे विशेष विमान से कटिहार और पूर्णिया गए थे। उन दिनों भागलपुर में विक्रमशिला सेतु नहीं बना था, इसलिए पार्टी ने उनके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी सभी जिलों में संगठन की मजबूती के लिए दौरा कर रहे थे। इसी कड़ी में पार्टी ने दुमका, बांका होते हुए भागलपुर का रूट बनाया था। परिसदन में कार्यकर्ताओं के हाथ से तैयार भोजन किया था। भोजन में अटल ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को साथ रखा था। अटल आम के भी शौकीन थे। एक बार जर्दालु आम का आमरस भी विनय जैन के द्वारा उन्हें पिलाया गया था।