संवाद सूत्र, कहलगांव: कहलगांव पुलिस ने रसलपुर के चांदपुर निवासी जिला पार्षद नाजनी नाज के पति सैयद हारुण रसीद को आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। हालांकि न्यायालय ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी है।
जानकारी के मुताबिक, कहलगांव नगर पंचायत के तत्कालीन निवर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार मंडल, जो बीते चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। उन्होंने 16 अक्टूबर 2022 को अज्ञात के खिलाफ फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पत्नी का चरित्र हनन करने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दायर किया था।
इस मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया था। पुलिस की जांच में हारुण रसीद के सिम से फर्जी आईडी बनाने और उसका दुरुपयोग करने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त बनाते हुए हारुण को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अजय कुमार मंडल ने कहा कि हारुण से कभी किसी तरह की बात नहीं थी। क्यों गलत किया, यह नहीं कह सकते हैं। इसका नुकसान चुनाव में जरूर हुआ है। मेरा और पत्नी का चरित्र हनन हुआ था।
उधर, हारूण रसीद का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के पहले ही उनका सिम कार्ड खो गया था। हालांकि इसकी शिकायत उन्होंने थाने में दर्ज नहीं कराई थी। उसी सिम पर किसी ने फेक आईडी बना ली। जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने खुद कहलगांव थाना पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस से कहा कि किस मोबाइल में सिम चालू है, उसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया लेकिन बाद उन्हें ही अभियुक्त बना दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया और कहा कि आपको गिरफ्तार किया जाता है और फिर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। जहां से मुझे जमानत मिल गई है। हारूण ने पुलिस पर आरोप लगाया कि बिना जांच किए ही पुलिस ने अभियुक्त बना दिया है।