भाजपा को छोड़ सभी पार्टियों ने किया है तुष्टिकरण, बोले-नित्यानंद राय- बांग्लादेशी घुसपैठियों को यहां से भगाएं
Amit Shah Bihar Visit पूर्णिया में सभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा को छोड़ सभी पार्टियों ने तुष्टिकरण किया है। कहा कि बिहार में बांग्लादेशी घुसपैठी भरा हुआ है इसे यहां से भगाना होगा।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Amit Shah Bihar Visit : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी जनभावना सभा को संबोधित किया। महती भीड़ को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि तुष्टीकरण की नीति से देश को बहुत नुकसान हो चुका है। भाजपा शासन को छोड़ अब तक जितनी भी सरकारें आई सत्ता के लिए तुष्टीकरण नीति पर चलती रही जिसका दुष्परिणाम आज देश की जनता भुगत रही है। तुष्टीकरण नीति की वजह से ही देश में अलगाववाद और आतंकवाद को बढ़ावा मिला। कहा कि तुष्टीकरण नीति की वजह से ही बिहार का सीमांचल आज बांग्लादेशी घुसपैठियों का गढ़ बन गया है। सीमांचल सहित पूरे बिहार को पीएफआई ने अपना सुरक्षित चारागाह बना लिया है। हाल के दिनों में केंद्र सरकार के निर्देश पर पीएफआई के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई है जिससे उसकी कमर टूट गई है। अभी ऐसे देश विरोधी तत्वों के खिलाफ केंद्र सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है।
केंद्र में जब से बीजेपी सरकार आई है तब से इसके खिलाफ सख्ती बरती जा रही है जिससे घुसपैठ सहित उग्रवादी गतिविधियों में काफी कमी आई है। लेकिन अब फिर राज्य में लालू-नीतीश की सरकार आई है तो इसमें बाधा उत्पन्न हो रही है। ये सरकारें फिर तुष्टीकरण नीति को बढ़ावा देने में लगी है। मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि राज्य सरकार की दोरंगी नीति की वजह से इसे फलने-फूलने का मौका मिलने लगा है। लेकिन लेकिन अब देश की जनता ऐसे तत्वों को बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश विरोधियों को सबक सिखाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को जब राज्य में पूर्ण बहुमत मिलेगी तो सीमांचल से घुसपैठियों और बिहार से पीएफआई का सफाया कर दिया जाएगा।
भाजपा नेता विनोद यादव के नेतृत्व में हजारों भाजपाईयों ने लिया जनभावना रैली में भाग
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पूर्णिया रंगभूमि मैदान में होने वाली जनभावना रैली को सफल बनाने के लिए बायसी विधान सभा पूर्व भाजपा प्रत्याशी विनोद यादव के नेतृत्व में डगरूआ और बायसी प्रखंड के हजारों भाजपा समर्थकों ने भाग लिया। मालूम हो कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पूर्णिया में प्रस्तावित जनभावना रैली की सफलता को लेकर बायसी विधान सभा पूर्व भाजपा प्रत्याशी द्वारा लगातार कई दिनों से जनसंपर्क कर रैली में भाग लेने की अपील किया जा रहा था। जिसके परिणाम स्वरूप रैली में भाग लेने सुबह आठ बजे से ही समर्थक बेलगच्छी, लसनपुर, बरसोनी और बेरियर चौक पर हजारों की संख्या में मोटर साइकिल, आटो सहित दर्जनों सवारी वाहन में झंडा पोस्टर आदि लगाकर जुट गए। पूर्वाहन 11 बजे बायसी विधान सभा पूर्व भाजपा प्रत्याशी के नेतृत्व में सभी भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक रैली में भाग लेने पूर्णिया की ओर रवाना हुए । इस मौके पर पूर्व मुखिया मनोज यादव, पैक्स अध्यक्ष ललित विश्वास, मंडल अध्यक्ष सदानन्द मंडल, प्रदीप विश्वास, प्रभु विश्वास, मिथलेश कुशवाहा, भूदेव यादव, पंकज यादव, मुन्ना यादव, सुरेन्द्र विश्वास, दीपक मंडल, प्रदीप साह, दिनेश यादव, राजू साह, राजेन्द्र यादव, राजेश यादव सहित हजारों की संख्या में भाजपाई शामिल थे।