मुंगेर में फिर मिला एके-47 रायफल का जखीरा
मुंगेर में एक बार फिर पुलिस ने एके 47 रायफल का जखीरा बरामद किया है।
मुंगेर। मुंगेर में एक बार फिर पुलिस ने एके 47 रायफल का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बरदह और तौफीर गांव के बीच बहियार में स्थित एक कुआं से 12 एके 47 रायफल बरामद किया है। पुलिस को यह कामयाबी हजारीबाग से तौफीर आलम की गिरफ्तारी के बाद मिली। उसकी निशानदेही पर एसपी बाबू राम के नेतृत्व में एएसपी अभियान राणा नवीन ¨सह और एएसपी हरिशंकर ने रात भर छापामारी कर 12 एके 47 रायफल बरामद कर लिया। एके 47 की बरामदगी की पुष्टि करते हुए एसपी बाबू राम ने कहा कि 29 अगस्त को मु. इमरान को जमालपुर पुलिस ने तीन एके 47 रायफल के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद से पुलिस तस्करी को लेकर लाए गए एके 47 रायफल की बरामदगी को लेकर लगातार छापामारी कर रही थी। बाद में मु. शमशेर और इमरान की बहन रिजवाना को पुलिस ने तीन एके 47 रायफल के साथ बरदह गांव से गिरफ्तार किया था। जबलपुर आर्डिनेंस फैक्ट्री से तस्करी कर 60 से 70 एके 47 रायफल मुंगेर आने की बात सामने आई थी। इस जानकारी के बाद से पुलिस लगातार तस्करी कर लाए गए एके 47 की बरामदगी को लेकर प्रयासरत थी। बाद में मु. शमशेर को पुलिस रिमांड पर ला कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद आमना खातून के घर के पीछे जमीन के नीचे गाड़ कर रखा गया दो एके 47 रायफल बरामद किया गया। वहीं, छापामारी के दौरान मु. एजाजुल, मु. भूट्टो के घर से दो डीबीएल बंदूक मिला। इसी दौरान पुलिस को हथियार तस्कर मु. मंजीत उर्फ मंजी की भूमिका के बारे में सूचना मिली। पुलिस मंजीत की टोह में लगी ही थी कि यह सूचना मिली कि बरदह गांव में मु. एजाजुल हक का पुत्र तौफीर कारतूस से भरा पालिथिन शमशेर के घर फेंक कर भाग गया है। पालिथीन से पुलिस ने एके 47, इंसास, एसएलआर आदि की गोलियां बरामद की थी। इसके बाद पुलिस के टारगेट पर तौफीर भी आ गया था। एएसपी अभियान राणा नवीन ¨सह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने हजारीबाग से तौफीर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद तौफीर ने पुलिस को एके 47 की तस्करी के बारे में अहम जानकारियां दी। तौफीर ने ही पुलिस को यह जानकारी दी कि बरदह और तौफीर के बीच बहियार में बने कुआं में कई एके 47 रायफल छुपा कर रखा गया है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने गुरुवार की देर रात छापामारी कर 12 एके 47 रायफल बरामद कर लिया।