नाथनगर विस उपचुनाव 2019 : मतदान की प्रशासनिक तैयारियां पूरी, कन्या मध्य विद्यालय सबौर केंद्र महिलाओं के पास Bhagalpur News
नाथनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। महिलाओं से लिए विशेष सुविधा की गई है।
भागलपुर [जेएनएन]। नाथनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बूथ संख्या 255 कन्या मध्य विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र सबौर को सखी मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां सभी कर्मी महिलाएं रहेंगी। महिला सुरक्षा कर्मी की निगरानी में मतदान होगा। यहां महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। महिलाएं बच्चों को बंद कमरे में स्तनपान करा सकेंगी। बच्चों के खेलने की व्यवस्था होगी। मतदान केंद्र सजा रहेगा। मतदाताओं का स्वागत किया जाएगा।
17 मतदान केंद्रों पर 20 से अधिक दिव्यांग
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में 17 ऐसे मतदान केंद्र हैं, जहां 20 से अधिक दिव्यांग मतदाता हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 488 दिव्यांग मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं को वोट दिलाने के लिए मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र पर पहुंचे दिव्यांग मतदाताओं को वोट दिलाने में कर्मियों द्वारा सहयोग किया जाएगा।
शिकायत के लिए टॉल फ्री नंबर 1950
आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायत लोग टॉल फ्री नंबर 1950 पर कर सकते हैं। उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि कोई प्रत्याशी आचार संहिता का उल्लंघन कर कर रहा है तो, तत्काल टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
307 मतदान केंद्रों पर 1563 कर्मी किए जाएंगे तैनात
307 मतदान केंद्रों पर 1563 कर्मी मतदान कराएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने शुक्रवार को आब्जर्बर के समक्ष मतदान कर्मियों की घोषणा कर दी है। मतदान कर्मियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। 16 और 18 अक्टूबर को द्वितीय और तृतीय चरण का प्रशिक्षण जिला स्कूल और राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में दिया जाएगा। कर्मियों को 19 अक्टूबर को योगदान देना है।