लघु खनिजों के अवैध भंडारण व ओवरलोडिंग पर प्रशासन सख्त, होगी कड़ी कार्रवाई
अवैध भंडरण और ओवरलोडिंग की मनमानी अब नहीं चलेगी। प्रशासन ने इस दिशा में सख्त रूक अपना लिया है। जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश दे रखा है कि किसी भी सूरत में ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 14 चक्के के ट्रक पर खनिज परिवहन पर रोक रहेगी।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। लखीसराय जिले में बालू गिट्टी आदि लघु खनिजों के अवैध भंडारण परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सरकार द्वारा 14 चक्का वाले ट्रक से लघु खनिज के परिवहन पर रोक लगाने के बाद जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर इसका सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है।
नौ जांच टीम गठित
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने लघु खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नौ जांच टीम का गठन किया है।
टीम 27 दिसंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच कर बालू, गिट्टी, चिप्स का भंडारण, परिवहन और ओवर लोडिंग करने वाले वाहनों को जब्त कर कार्रवाई करेंगे। डीएम -एसपी ने एसडीओ और एसडीपीओ को भी लघु खनिजों के अवैध भंडारण, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जांच करने का आदेश दिया है, साथ ही र्डीटीओ और एमवीआई को जिले में सघन जांच कर लघु खनिज ढोने वाले 14 चक्का वाहनों को जप्त करने का आदेश दिया है।
सख्ती से करें पालन नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई
उन्होने गठित टीम के सदस्यों को भी कड़ी चेतावनी दी है। सख्त निर्देश में कहा है कि अपने अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी ईमानदरी से करें। इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लघु खनिज ढोने वाले 14 चक्का वाहनों को जब्त करें। उनकी मनमानी अब किसी भी परिस्थितयों में नहीं चलेगी।
इनको मिली जिम्मेदारी
लखीसराय नगर क्षेत्र - कबैया थानाध्यक्ष राजीव कुमार के साथ कार्यपालक दंडाधिकारी राजीव मोहन सहाय
लखीसराय अंचल - लखीसराय थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के साथ सीओ संजय पंडित
रामगढ़ चौक अंचल- सीओ अमर कुमार शर्मा के साथ थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक
हलसी अंचल - सीओ विवेक कुमार के साथ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा
चानन अंचल - सीओ सदानंद वर्णवाल के साथ थानाध्यक्ष वैभव कुमार
सूर्यगढ़ा अंचल - सीओ सुमित कुमार आनंद के साथ थानाध्यक्ष चंदन कुमार
बड़हिया अंचल - सीओ रामआगर ठाकुर के साथ थानाध्यक्ष डीके पांडेय
नगर पंचायत बड़हिया - विनय कुमार कार्यपालक पदाधिकारी के साथ बड़हिया थाना के एसआई रंजन कुमार
पिपरिया अंचल - सीओ रामजी प्रसाद में साथ थानाध्यक्ष राजकुमार साह