वंशीचक से हुए अपहृत युवक का शव मिला
वंशीचक से सोमवार को अपहृत वीरेन्द्र यादव (28 वर्ष) का शव गुरुवार को पीरपैंती के साधु मठिया बहियार से पुलिस ने बरामद किया।
भागलपुर। वंशीचक से सोमवार को अपहृत वीरेन्द्र यादव (28 वर्ष) का शव गुरुवार को पीरपैंती के साधु मठिया बहियार से पुलिस ने बरामद किया। वीरेन्द्र झारखण्ड साहेबगंज तड़बन्ना निवासी था। सोमवार को ही वह अपना ससुराल वंशीचक आया था, जहां से उसका अपहरण कर लिया गया था। मृतक की शिनाख्त ससुर पंचदेव यादव, भाई प्रभुनाथ यादव, रविंद्र यादव, शम्भू यादव, विजय यादव के अलावा साली पूजा कुमारी ने की।
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की रात वीरेन्द्र साहेबगंज से अपना ससुराल वंशीचक हावड़ा-दरभंगा पैसेंजर ट्रेन पहुंचा। उस दिन उनके ससुर, सास संगीत देवी, साला आदित्य, ऋषभ कावर यात्रा पर देवघर गये थे। जहां आदित्य और ऋषभ का मुंडन होना था। घर में मृतक की पत्नी मनीषा देवी और साली पूजा थी। इस कारण मनीषा ने वीरेन्द्र को दो दिनों के लिए ससुराल बुला लिया। रात्रि साढ़े आठ बजे वीरेंद्र ससुराल में नाश्ता करने के बाद पत्नी और छह माह के पुत्र सोम सुमन के साथ बासा पर बैठा था।
मनीषा ने बताया कि इस बीच पहले से घात लगाए बैठे मेरे चाचा रमेश यादव, निर्भय यादव, युगेश यादव, कन्हाई यादव, कृष्णा यादव, सहित चार अज्ञात लोग लाठी लेकर आये और वीरेन्द्र को खींचकर ले जाने लगा। इन लोगों ने धमकी दी कि इसे अब जिंदा नहीं छोड़ेंगे। आरोपितों ने मनीषा के बच्चे को भी ले जाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक मनीषा अपने बच्चा को लेकर वहां से भाग गया।
मनीषा ने बताया कि हमने प्रेम विवाह किया था। इस बात से ये लोग खफा थे। घटना के बाद मृतक के भाई प्रभुनाथ यादव ने 21 अगस्त को उक्त पाच लोग सहित चार अज्ञात पर हत्या की नीयत से अपहरण करने का मामला दर्ज कराया था।
इस घटना के बाद मृतक के भाई और ससुराल वालों ने काफी खोजबीन की। नदी, कुआं, बहियार, नहर, झाड़ी आदि खोजते रहे। इसी क्रम में उनके ससुर साधु मठिया बहियार की ओर जा रहे थे तभी धान खेत मे एक मोबाइल गिरा देखा। जब आगे बड़ा तो झाड़ी से दुर्गध निकल रहा था। झाड़ी को लाठी से हटाया तो वहां सर कटा नग्न अवस्था में एक लाश मिली। मृतक का गुप्तांग भी कटा हुआ था। उन्होंने लाश की पहचान की। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कुणाल आनंद चक्रवर्ती, एसआइ महानंद प्रसाद, शिव शकर राम, दीनदयाल राय आदि वहां पहुंचे और शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव काफी सड़ चुका था, जिससे दुर्गध आ रही थी। इंस्पेक्टर कुणाल आनंद चक्रवर्ती ने बताया कि कृष्णा यादव को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।