शादी के दो दिन बाद ही पत्नी अपने प्रेमी संग फरार, वापस आने का दूल्हा करते रहे इंतजार Bhagalpur News
28 नंबर हुई शादी के बाद 30 नवंबर की रात पति-पत्नी सो रहे थे लेकिन जब सुबह हुई तो पत्नी को अपने कमरे न देख पति परेशान हो उठा।
भागलपुर [जेएनएन]। पति-पत्नी साथ सोए थे। दो दिन पहले ही तो शादी हुई थी। ससुराल में नई नवेली पत्नी को देखकर सभी खुश थे। घर में उत्साह और उमंग का वातारण था। लेकिन यह किसी का पता ही नहीं था कि नई नवेली दुल्हन के दिल में कोई और बसता है। वह उसके बिना नहीं रह पाएगा। दो दिनों तक पत्नी के रूप में रहने के बाद भी नवविवाहिता का दिल अपने पति पर नहीं आया। और एक दिन रात में घर का बाहर से दरबाजा बंद कर मुख्य दरबाजा खोल कर वह फरार हो गई। और अपने साथ शादी के गहने और रुपये भी लेकर भाग गई।
जगदीशपुर थाना की है घटना
शादी के महज दो दिन बाद ही एक दुल्हन नकदी और जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस मामले में विवाहित के भाई द्वारा जगदीशपुर थाने में नामजद मामला दर्ज कराया गया है। उक्त घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पिस्ता गांव की है। घटना के बाद ही दूल्हे के परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार युवक लोदीपुर थाना क्षेत्र के गोहारियो के सौरभ मंडल है। 28 नंबर हुई शादी के बाद 30 नवंबर की रात पति-पत्नी सो रहे थे लेकिन जब सुबह हुई तो पत्नी को अपने कमरे न देख पति परेशान हो उठा। इसके बाद देखा कि मकान के अंदर अन्य कमरों की कुंडी बाहर से लगी थी, जबकि बाहर का मुख्य गेट खुला हुआ था। तब जाकर पति सहित परिजनों को विश्वास हुआ दुल्हन फरार हो गई है। जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन लड़की का भाई भी बहन से मिलने आया था। उस रात लड़की घर पर ही थी।
घटना के बाद मायके तथा ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन दुल्हन का कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद दुल्हन के भाई अमर कुमार ने जगदीशपुर थाने में आरोपित युवक के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। जगदीशपुर थानाध्यक्ष संजय सत्यार्थी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।