आठ माह से छात्रा के साथ करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती होने पर सुनाई आपबीती Bhagalpur News
भागलपुर के सन्हौला में एक निजी शिक्षक ने एक छात्रा के साथ आठ माह तक दुष्कर्म किया। इन घटना के बाद लोगों में रोष है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
भागलपुर, जेएनएन। सन्हौला थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट टीचर द्वारा अपनी शिष्या के साथ आठ माह तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। सातवीं कक्षा की तेरह वर्षीय छात्रा के गर्भवती होने पर स्वजनों को घटना की जानकारी मिली। छात्रा के माता-पिता ने सन्हौला थाने में प्राइवेट टीचर संतोष साह पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। सन्हौला थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करआरोपित संतोष साह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार छात्रा मंद बुद्धि की है, जो पिछले आठ माह से ट्यूशन पढऩे संतोष साह के यहां जा रही थी। दो दिनों पूर्व उसकी तबीयत अचानक खराब होने पर स्वजन इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए, जहां जांच में पता चला कि वह पांच माह की गर्भवती है। स्वजनों ने जब बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि मास्टर साहब संतोष साह बाकी बच्चों को नीचे पढ़ाते थे और उसे छत पर ले जाकर पढ़ाते थे। वहां कपड़े खोलकर गलत काम करते थे। स्वजनों ने संतोष साह पर नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का आरोप लगाया है।