NH 327E पर भीषण हादसा... चाय बगान में काम करने जा रहे मजदूर दंपती को बाइक ने मारी ठोकर, मौत
किशनगंज में NH 327E पर भीषण हादसा में मजदूर दंपती की मौत हो गई। दोनों चाय बगान में काम करते थे। घटना पाठामारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मैगल पुल से गवालबस्ती गांव के बीच की है। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल मेंं भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में एनएच 327ई पर बुधवार रात को घटित दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक दंपत्ति की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ठाकुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किए गए दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मैगल पुल से गवालबस्ती गांव के बीच हुआ हादसा
पहली घटना में पाठामारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मैगल पुल से गवालबस्ती गांव के बीच एनएच 327 ई पर घटी। जिसमें हाटखोला भोगडाबर निवासी हरगोविंद सिंह(50) व उनकी पत्नी माघो देवी (45) को ठाकुरगंज की दिशा से आ रहे बाइक सवार ने ठोकर मार दिया। जिसमें हरगोविंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि माघो देवी बुरी तरह घायल हो गई ।आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी माघो देवी को ठाकुरगंज पीएचसी ले जाया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ए. के. झा के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया गया।
गंभीर हालत में कराया अस्पताल में भर्ती
स्वजनों के अनुसार बुरी तरह से घायल महिला माघो देवी ने इलाज के क्रम में गुरुवार अलस्सुबह को दम तोड़ दिया। मृतक दंपत्ति स्थानीय चाय बगान में मजदूरी करते थे।दूसरी घटना भी लगभग इसी स्थान से कुछ ही दूरी पर घटी। इस दुर्घटना में अज्ञात वाहन मोटरसाइकिल सवार को ठोकर मार कर फरार हो गया। जिसमें बाइक सवार कुंजीमारी निवासी संजीत लाल और रूपलाल बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज लाया गया। बुरी तरह से जख्मी दोनों का प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर किया गया। दोनों घायल की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। मृत हरगोविंद सिंह व माघो देवी के स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया है।