Road accident : भागलपुर में अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, छात्र की मौत
Road accident तिलकामांझी यात्री शेड के समीप हुआ बुधवार की सुबह पांच बजे एक हादसा हुआ। मारवाड़ी कॉलेज के इंटरमीडिएट का छात्र रजत कुमार की मौत हो गई। सुबह रोज की तरह वह सैंडिस कंपाउंड व्यायाम के लिए आता था।
भागलपुर, जेएनएन। Road accident : तिलकामांझी चौक के समीप यात्री शेड के पास अनियंत्रित बाइक पेड़ से जा टकराई। बुधवार की सुबह पांच बजे हुए हादसे में मारवाड़ी कॉलेज के इंटरमीडिएट का छात्र रजत कुमार की मौत हो गई। रजत मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मिरजान मोदीनगर का रहने वाला था। सुबह रोज की तरह वह सैंडिस कंपाउंड व्यायाम के लिए आता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से जा रहे रजत की बाइक अचानक अनियंत्रित हो पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो उसके आंख के आगे कीड़े के आ जाने से वह बाइक पर नियंत्रण खो दिया। यात्री शेड के पास बड़े पेड़ से जा टकराया। आनन-फानन में उसे लोगों ने जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि सिर में अधिक चोट और खून निकलने से उसकी मौत हो गई। तिलकामांझी चौकी पुलिस घटनास्थल पर गिरी बाइक को उठाकर थाने लाई। हादसे की जानकारी पर स्वजन अस्पताल परिसर पहुंच गए। बरारी कैंप थाने की पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नौलखा कोठी भेज दिया है। हादसे की बाबत स्वजन के फर्द बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दो भाइयों में छोटा था रजत
रजत दो भाइयों में छोटा था। पिता मुकेश कुमार और मां अर्चना देवी ने बताया कि वह रोज की तरह घर से सैंडिस के लिए निकला था। बड़ा लड़का मयंक कुमार कोलकाता से इंजीनियरिंग कर रहा है। वह बुधवार की सुबह कोलकाता से पहुंचा था। उससे भेंट भी नहीं हो पाई। इधर रजत के दोस्तों की माने तो अपने भाई से ही मिलने की बात कह वह तेजी से सैंडिस से निकल कर जा रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया। इस घटना के बाद स्वजन और मित्रों ने काफी दुख जताया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।