स्वाइन फ्लू : थम नहीं रहा सूअरों का मौत, 11 दिनों में 580 पहुंची संख्या
Swine flu भागलपुर में पिछले एक सप्ताह में सूअर की मौतें हो रही है। अभी तक सिर्फ शहर में सूअर मर रहे थे लेकिन अब सुल्तानगंज में भी मौत होने लगी।
भागलपुर, जेएनएन। शहर में क्लासिक स्वाइन फीवर के संक्रमण का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। 11 दिनों में अब तक 580 सूअरों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को छह सूअरों की मौत हुई। वार्ड 50 में इस संक्रमण के चपेट में आने से दो गायों की मौत हो चुकी है। वार्ड 43 में दो, वार्ड 13 में तीन, वार्ड छह व पांच में दो-दो सूअरों की मौत हुई। नगर निगम के स्वास्थ्य शाखा प्रभारी मु. रेहान अहमद ने ने बताया कि सभी शवों को दफन किया गया है। शहर के मायागंज, सुरखीकल व बरारी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित है। इसके बाद परबत्ती, हसनगंज, मानिकपुर, नाथनगर व ललमटिया चौक आदि में संक्रमण का प्रभाव है।
मायागंज में बनाया डिटेंसन सेंटर
मायागंज में स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर दो हजार बीमार सूअरों को रखने के लिए नगर निगम ने डिटेंसन सेंटर बनाया गया है। ताकि संक्रमण के प्रभाव को कम किया जा सके। यहां सूअरों के भोजन की व्यवस्था निगम द्वारा की जाएगी। वहीं पशुपालन अधिकारी को दवा की सारी व्यवस्था करनी होगी। स्वस्थ होने पर पशु पालकों को सौंपा जाएगा।
निगम ने किया दो टीम का गठन
नगर निगम प्रशासन ने सूअरों को पकडऩे के लिए पांच सदस्य व एक प्रभारी की वाली दो टीम का गठन किया है। बुधवार से निगम की टीम सूअरों को पकडऩे के लिए अभियान चलाएगी। सूअरों में डिटेंसन सेंटर तक पहुंचाया जाएगा। लेकिन पशुपालन विभाग को बीमारी सूअरों की पहचान कर निगम प्रशासन को बताना होगा। उनके सूची के आधार पर टीम पकडऩे का कार्य करेगी।
पशुपालन विभाग का नहीं मिला सहयोग
डिटेंशन बनाने के दो दिन बाद भी मंगलवार तक एक भी सूअर को पकड़कर नहीं रखा गया। पशुपालन विभाग ने अभी तक निगम प्रशासन को संक्रमित सूअरों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है। ऐसी व्यवस्था में सारी व्यवस्था रखी रह जाएगी।