डॉक्टर का नहीं हुआ था अपहरण... आखिर कहां चले गए थे, जानिए... Bhagalpur News
डॉक्टर सुनील के 13 सितंबर को वापस नहीं लौटने पर पत्नी रश्मि रूही ने तिलकामांझी चौकी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
भागलपुर [जेएनएन]। तीन दिनों से लापता मुंदीचक मिनी मार्केट निवासी एमबीबीएस डॉ. सुनील कुमार को सोमवार को घर लौट आए। उन्होंने सुबह अपनी पत्नी रश्मि रूही को फोन कर बताया कि वे पूर्णिया में हैं और सुरक्षित हैं। उनका अपहरण नहीं हुआ है। इस बात की जानकारी जब पुलिस को लगी तो एसएसपी आशीष भारती ने पुलिस टीम को डॉक्टर को लाने के लिए पूर्णिया भेजा। पुलिस के साथ डॉक्टर पूर्णिया से भागलपुर पहुंचे। यह जानकारी एसएसपी आशीष भारती ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। मंगलवार को न्यायालय में डॉक्टर का बयान कराया जाएगा।
डिप्रेशन में उठाया कदम
डॉक्टर सुनील ने बताया कि उन्होंने एमडी की परीक्षा दी थी। सफल नहीं होने पर 13 सितंबर को एमडी की पूरक परीक्षा में शामिल हुए। लेकिन पूरक परीक्षा भी बेहतर नहीं गया। इस कारण वे काफी तनाव में आ गए। उन्हें समझ नहीं आ रहा था क्या करें। इस वजह से वे 13 की सुबह जब बेटे को बाइक से बस स्टॉप पर छोडऩे भीखनपुर गए तो वापस नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि बाइक को रेलवे परिसर स्थित पार्किंग में खड़ी कर दिया। इसके बाद बस पकड़कर पूर्णिया चले गए। इस बीच उन्होंने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था।
पत्नी ने तिलकामांझी में दर्ज कराया था अपहरण के शक में मुकदमा
बता दें कि डॉक्टर सुनील के 13 सितंबर को वापस नहीं लौटने पर पत्नी रश्मि रूही ने तिलकामांझी चौकी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जानकारी होते ही एसएसपी आशीष भारती ने सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज के नेतृत्व में डॉक्टर की बरामदगी के लिए एसआइटी गठित कर दी। इसमें सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, तिलकामांझी इंचार्ज केदारनाथ सिंह, इशाकचक थानेदार संजय कुमार सुधांशू, दारोगा महेंद्र चौधरी सहित तकनीकी टीम को शामिल किया। एसआइटी ने रविवार को डॉक्टर की बाइक स्टेशन परिसर से बरामद की थी।
पारिवारिक विवाद से किया इन्कार
डॉक्टर ने किसी भी पारिवारिक विवाद से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका किसी तरह का किसी से विवाद नहीं हुआ था। वे पूर्णिया में होटल में रुके थे। डॉक्टर मूलरूप से सनोखर के कुर्मा गांव के रहने वाले हैं। शहर में दो स्थानों पर उनका क्लीनिक चलता है। घटना को लेकर लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस को भी तकनीकी जांच में डॉक्टर का लोकेशन भागलपुर स्टेशन होते हुए पूर्णिया मिला था।