यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूं ही अंगिका के महावीर प्रसाद द्विवेदी नहीं कहलाए चकोर
भागलपुर । 1961 में किसानों क जगाबो हो अंगिका नाटक लिख कर आजीवन अंगिका भाषा एवं साहित्य के उत्थान में

भागलपुर । 1961 में किसानों क जगाबो हो अंगिका नाटक लिख कर आजीवन अंगिका भाषा एवं साहित्य के उत्थान में लीन रहने वाले डॉ. नरेश पांडेय चकोर को विद्वानों द्वारा अंगिका के भारतेंदु हरिश्चंद्र व पं. महावीर प्रसाद द्विवेदी के विशेषण से यूं ही नहीं नवाजा गया था। डॉ. चकोर स्वयं में एक संस्था थे और अंगिका प्रेम के ज्वार के कारण उन्होंने सूबे के विभिन्न अंगिका भाषा-भाषी जिलों में घूम-घूम कर लोगों के बीच अंगिका भाषा एवं साहित्य का जमकर प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने उनमें अंगिका के प्रति प्रेम ही नहीं बल्कि लिखने की भी अभिरुचि जगाई। बिहार खादी ग्रामाद्योग विभाग में सांख्यिकी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. चकोर निजी खर्च से पटना से 1971 से अंग माधुरी नामक पत्रिका का आजीवन प्रकाशन करते रहे। इसके जरिए उन्होंने अनेक अंगिका के प्रबुद्ध रचनाकार दिए। 1976 में उनके द्वारा स्थापित शेखर प्रकाशन अंगिका की पुस्तकें प्रकाशन के प्रति समर्पित रहा। उसके जरिए उन्होंने सौ से अधिक पुस्तकों का लेखन व संपादन कर अंगिका भाषा एवं साहित्य की श्रीवृद्धि की। उन्होंने पटना के अंग भाषा परिषद, अंग प्रांतीय सम्मेलन सहित भागलपुर में 1978 में गठित अखिल भारतीय अंगिका साहित्य कला मंच व अखिल भारतीय अंगिका विकास सम्मेलन, अखिल भारतीय अंगिका भाषा सम्मेलन आदि कई संगठनों के साथ जुड़ कर भी इसके साहित्य को वर्तमान स्वरूप प्रदान करने में उत्प्रेरक की भूमिका अदा की। डॉ. चकोर एक साथ कवि, गीतकार, नाटककार, निबंधकार, कहानीकार, संपादक व भाषाशास्त्री थे। उन्होंने अनेक अंगिका लोकगीतों, लोकगाथाओं, लोकोक्तियों आदि का संग्रह कर उनके प्रकाशन में योगदान दिया है। कवि गोष्ठियों में इनकी बहुमुखी प्रतिभा श्रोताओं को बांधे रखती थी। इन्होंने अंगिका भाषा एवं साहित्य के उत्थान के लिए राधिकारमण प्रसाद सिंह, डॉ. लक्ष्मीनारायण सुधांशु, गदाधर प्रसाद अम्बष्ठ, अनूप लाल मंडल सरीखे मशहूर साहित्यकारों से प्रेरणा ग्रहण की, तो सहकर्मी डॉ. परमानंद पांडेय के साथ श्रीरंजन सूरिदेव, डॉ. कुमार विमल, डॉ. खगेंद्र ठाकुर, डॉ. मधुकर गंगाधर, डॉ. अभयकांत चौधरी, तोमरजी, उमेशजी, अयोध्या प्रसाद झा आदि मशहूर साहित्यकारों से रचनाएं हासिल कर अंगिका साहित्य वर्द्धन में महत्वपूर्ण सहयोग किया। वे ¨हदी के भी प्रबुद्ध साहित्यकार थे। अंगिका प्रेम के कारण उन्होंने बौंसी मेले में जमीन स्टाल लगा कर अंगिका पुस्तकों की बिक्री तक से गुरेज नहीं किया। अंगिका के वर्तमान सुदृढ़ दशा-दिशा व स्वरूप में उनका अत्यधिक योगदान है। डॉ. चकोर को अंगिका के पं. महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान से विभूषित करने वाले बिहार अंगिका अकादमी के अध्यक्ष डॉ. लखन लाल सिंह आरोही ने उनके योगदान को कभी न भुलाए जाने वाला बताया है। डॉ. आरोही के अनुसार डॉ. चकोर सुल्तानगंज के खेरहिया हाई स्कूल में उनके सहपाठी थे। भागलपुर के अनेक ¨हदी व अंगिका विद्वानों, लेखकों, बुद्धिजीवियों व प्रेमियों ने डॉ. चकोर के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। श्रद्धांजलि देने वालों में डॉ. देवेंद्र, डॉ. बहादुर मिश्र, डॉ. अमरेंद्र, डॉ. मधुसूदन झा, डॉ. मीरा झा, प्रो. चंद्रेश, डॉ. उदय कुमार मिश्र, रामावतार राही, दिनेश बाबा, डॉ. आमोद कुमार मिश्र, रंजन, अश्रि्वनी कुमार पंडित, पतझर खैराबादी, राजकुमार आदि अनेक साहित्यकार शामिल हैं।