शहजादपुर ठाकुरबाड़ी से बहुमूल्य मूर्तियां चोरी
संवाद सूत्र, शाहकुंड : शाहकुंड थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव की ठाकुरबाड़ी से राम, सीता व लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तिया चोरी हो गई। चोरी गुरुवार की रात हुई। चोरी गई प्रत्येक मूर्ति 10 से 12 किलो वजनी है। सभी मूर्तिया 1895 के दौरान हुई ठाकुरबाड़ी की स्थापना के समय की हैं। इन मूर्तियों की कीमत एक करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
चोरों ने ठाकुरबाड़ी में मौजूद राधा-कृष्ण तथा राम के बाल स्वरूप की पीतल की मूर्तियों को हाथ भी नहीं लगाया। चोरों ने राम, सीता और लक्ष्मण के चादी के मुकुट भी वहीं छोड़ दिए। घटना की जानकारी ग्रामीणों को शुक्रवार की सुबह हुई। ग्रामीणों ने तड़के ही ठाकुरबाड़ी का दरवाजा खुला देखा। इस पर उन्हें संदेह हुआ। नजदीक जाने पर पता चला कि मंदिर का ताला टूटा पड़ा है। अंदर झांकने पर मूर्तिया गायब मिलीं। इसके बाद लोगों ने चोरी की सूचना शाहकुंड थाने को दी। इस थानाध्यक्ष मय बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच शुरू की।
इस दौरान शहजादपुर से शभूगंज जाने के रास्ते में भगवान का गले का हार बिखरा हुआ मिला। इस पर डॉग स्क्वायड बुलाया गया। मगर सफलता हाथ नहीं लगी।
गौरतलब है कि ठाकुरबाड़ी की देखरेख आठ सदस्यीय कमेटी करती है। इसके वर्तमान अध्यक्ष कपिलदेव सिंह हैं। गांव के ही मणिकात मिश्रा यहां पुजारी हैं। मिश्रा यहां 35 वर्षो से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी यहां मूर्तियों की चोरी हुई थी। मगर तब चोरी यहां से कुछ दूर स्थित खेतों में ही मूर्तियां छोड़कर भाग गए थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर