विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय: लखमिनिया स्टेशन पर भटककर उतरी युवती को युवक घर ले गया, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:54 AM (IST)

लखमिनिया स्टेशन पर भटककर उतरी विजयवाड़ा की एक युवती को बहला-फुसलाकर घर ले जाने के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. विजयवाड़ा की युवती लखमिनिया स्टेशन पर भटककर उतरी थी।

  2. युवक मो. नेहाल युवती को बहला-फुसलाकर घर ले गया।

  3. ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

संवाद सहयोगी, बलिया (बेगूसराय)। बरौनी-कटिहार रेलखंड के लखमिनिया स्टेशन पर भटककर किसी ट्रेन से उतरी दक्षिण भारत के विजयवाड़ा की एक युवती को बहला-फुसलाकर घर ले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस युवती के साथ किसी तरह की गलत हरकत होने की आशंका को लेकर भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान विजयवाड़ा निवासी 22 वर्षीय विवाहिता के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और हिंदी नहीं समझ पा रही थी। वह इशारों में अपनी बात बता रही थी।

युवती को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया

आरोप है कि मीरदह टोली निवासी मो. नेहाल युवती को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। इस दौरान युवती के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे वह घायल हो गई। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने युवक और युवती को पकड़कर बलिया थाना पुलिस को सौंप दिया।

लोगों का आरोप है कि आरोपित ने युवती को कोई दवा भी खिलाई थी। हालांकि, पूछताछ में आरोपित ने कहा कि युवती के पेट में दर्द होने पर उसने दवा दी थी।

इलाज के लिए बलिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया

घायल युवती को इलाज के लिए बलिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान और मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती के साथ कोई गलत हरकत तो नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- बेगूसराय कोर्ट से फिल्मी अंदाज में भागा आरोपी, जमानत अर्जी खारिज होते ही पुलिस को चकमा देकर फरार