बेगूसराय के बलिया में बरातियों से भरी स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, एक परिवार के 2 की मौत
बेगूसराय के बलिया के लखमिनिया बभनटोली ढाला के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के क्रम में दो ने दम तोड़ दिया।
बेगूसराय, जेएनएन। जिले में गुरुवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बलिया के लखमिनिया बभनटोली ढाला के पास बरातियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अमित कुमार व 15 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है। चार गंभीर रूप से घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सभी पंचवीर से बरात से भगतपुर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह पंचवीर में एक शादी समारोह में शामिल होकर परिवार लौट रहा था। करीब छह की संख्या में बराती स्कॉर्पियो से बेगसराय के भगतपुर लौट आने के लिए निकले थे। जैसे ही गाड़ी बलिया के लखमिनिया बभनटोली ढाला के पास पहुंची कि अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सभी लोग वाहन के अंदर ही फंसे रहे गए। तेज आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को स्कॉर्पियो से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मीरअलीपुर के रहने वाले अमित कुमार और भगतपुर के रहने वाले शिवम कुमार की मौत हो गई। बताया जाता है कि 15 वर्षीय शिवम मां-बाप की अकेली संतान थी। जबकि चार अन्य घायल लोगों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि घायलों की हालत चिंताजनक नहीं है।