तेघड़ा विधायक की गाड़ी ने बच्चे को मारी टक्कर-हालत गंभीर, बिना रुके ही चले गए CPI नेता; विरोध हुआ तो देखने आए
घायल बालक की पहचान तेघड़ा नवादा निवासी मनोज शर्मा के 11 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई। मनीष अपने परिवार के साथ शुक्रवार को महानंदा एक्सप्रेस से दिल्ली से आया था। न्यू बरौनी जंक्शन स्टेशन पर उतरने के बाद गाड़ी की चपेट में आया।
संवाद सूत्र, बरौनी (बेगूसराय) : तेघड़ा विधायक राम रतन सिंह की गाड़ी से टक्कर लगने से शुक्रवार को एक 11 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सहायक थाना गढ़हरा क्षेत्र के राजवाड़ा-ठाकुरीचक के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने आनन-फानन घायल बच्चे को इलाज के लिए बरौनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां खबर लिखे जाने तक उसका इलाज चल रहा था।
घायल बालक की पहचान तेघड़ा नवादा निवासी मनोज शर्मा के 11 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई। घटना के संबंध में घायल बालक के मौसा ठाकुरीचक भीठा निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि मनीष अपने माता-पिता सहित परिवार के अन्य लोगों के साथ शुक्रवार को महानंदा एक्सप्रेस से दिल्ली से आया था। न्यू बरौनी जंक्शन स्टेशन पर उतरने के बाद वह परिवार के साथ अपनी मौसी से मिलने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेघड़ा विधायक की गाड़ी की चपेट में आने से वह घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेघड़ा विधायक न्यू बरौनी जंक्शन में आयोजित कार्यक्रम राज्य रानी व कोशी एक्सप्रेस के ठहराव में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। वहीं लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश नजर आया कि घटना के बाद भी विधायक ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। बच्चे की स्थिति जानने की बजाय वे कार्यक्रम में चले गए। लोगों का कहना है कि विधायक ने बच्चे की जान से ज्यादा महत्वपूर्ण समझा।
गुस्साए लोग जब उनका घेराव करने पहुंचे, तब वे घायल बच्चे से मिलने गए। साथ ही बच्चे के स्वजनों को इलाज में जो भी खर्च लगेगा, उसे वहन करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में थाना में किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।