विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बेगूसराय: कुर्सी टूटने पर शिक्षक ने बच्चों को जमकर पीटा, फिर कमरे में किया बंद; लाठी-डंडे लेकर पहुंचे पर‍िजन

By Shashi Shekhar RayEdited By: Prateek Jain
Published: Fri, 28 Jul 2023 01:41 AM (IST)

शिक्षकों की कुर्सी तोड़ने के आरोप में मध्य विद्यालय अकबरपुर चालीस के 11 बच्चों को प्रभारी एचएम सीताराम कुमार ने ...और पढ़ें

शिक्षक द्वारा पिटाई के बाद पीएचसी शाम्हो में भर्ती बच्चों का इलाज करते पीएचसी प्रभारी डा निशांत कुमार
शिक्षक द्वारा पिटाई के बाद पीएचसी शाम्हो में भर्ती बच्चों का इलाज करते पीएचसी प्रभारी डा निशांत कुमार

HighLights

  1. पीएचसी में इलाज करने वाले डॉक्‍टर ने बच्‍चों की हालत पर दिया बयान
  2. डॉक्‍टर ने कहा- कुुछ बच्‍चे डर के मारे हुए बेहोश
  3. पुलिस ने शिक्षक को अपनी सुरक्षा में रखा, अभी तक दर्ज नहीं हुआ है मामला

संवाद सूत्र, शाम्हो (बेगूसराय): शिक्षकों की कुर्सी तोड़ने के आरोप में मध्य विद्यालय अकबरपुर चालीस के 11 बच्चों को प्रभारी एचएम सीताराम कुमार ने विद्यालय में पीट-पीटकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं सभी बच्चों को वर्ग कक्ष में ही बंद कर दिया। इसकी खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक मौके पर लाठी-डंडे के साथ पहुंचकर हंगामा करने लगे।

मामला बिगड़ता देख शिक्षकों ने पुलिस को खबर की। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने शिक्षकों को सुरक्षा घेरे में ले लिया। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंच अकबरपुर बरारी मुखिया कन्हैया कुमार उर्फ टन्नू ने अपनी गाड़ी से सभी बच्चों को इलाज के लिए पीएचसी शाम्हो पहुंचाया।

डॉक्‍टर ने बताई बच्‍चों की हालत

सभी बच्चों का इलाज करने वाले डॉ. निशांत कुमार ने बताया कि हाथ पैर में बच्चों को चोट थी। कहा कि कुछ बच्चे डर के मारे अचेत हो गए थे। सभी बच्चों का इलाज पीएचसी में स्‍वास्‍थ्‍यकर्मियों के द्वारा किया गया। वहीं, विद्यालय के कुछ बच्चों ने बताया कि विद्यालय मध्याह्न अवधि के दौरान यह घटना हुई।

घायल बच्चों में अकबरपुर चालीस के रंजीत मिश्र की पुत्री काजु कुमारी का सिर फट गया, विपिन सिंह की पुत्री पूर्वी कुमारी, अमृत चौधरी की पुत्री राधा कुमारी, शांतन्नु चौधरी की पुत्री दीपशिखा कुमारी,अमरेश कुमार मिश्रा की पुत्री गगन कुमारी, अमरेश मिश्रा के पुत्र सन्नी कुमारएवे पुत्री सोनी कुमारी, कमलेश कुमार मिश्रा की पुत्री गुड़िया कुमारी, नौ साल पिता नीरज कुमार की पुत्री रिया कुमारी, अमरेश मिश्रा की पुत्री बोबी कुमारी, नीरज कुमार की पुत्री राधा कुमारी शामिल हैं।

वहीं, इस घटना की निंदा करते हुए अकबरपुर बरारी के मुखिया कन्हैया कुमार उर्फ टन्नू, जिला पार्षद अमित कुमार, पंचायत समिति सदस्य रवीश भारद्वाज ने बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की घटना विद्यालय में नहीं होनी चाहिए।

कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि शिक्षक सीताराम कुमार को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। अबतक प्राथमिक नहीं की गई है।

कहते हैं बीईओ

शाम्हो बीईओ अरविंद कुमार ने इस घटना के संबंध में फोन पर बताया कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। शिक्षक के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।